इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने शनिवार को टीम इंडिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले दिन हार्दिक पांड्या को आउट करके विशेष उपलब्धि हासिल की। वह टीम इंडिया के खिलाफ 100 टेस्ट विकेट लेने वाले विश्व के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के सबसे ज्यादा बल्लेबाजों को आउट करने का रिकॉर्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 105 विकेट चटकाए हैं। टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शिकार करने के मामले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और नए प्रधानमंत्री इमरान खान 94 विकेटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
एंडरसन ने पांड्या को बेहतरीन आउटस्विंग गेंद डाली, जिस पर बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और दूसरी स्लिप में मौजूद जोस बटलर ने कैच लेने में कोई गड़बड़ी नहीं की। वैसे, यह दूसरा मौका है जब इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने किसी एक टीम के खिलाफ विकेटों का शतक लगाया हो। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह कारनामा कर चुके हैं। एंडरसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 31 टेस्ट में 104 विकेट चटकाए हैं।
बता दें कि टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी जेम्स एंडरसन ने खास उपलब्धि हासिल की थी। वह लॉर्ड्स में 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे। तेज गेंदबाज ने दूसरी पारी में 23 रन देकर चार विकेट चटकाए थे। उन्होंने मैच में कुल 43 रन देकर 9 विकेट झटके, जिसकी मदद से इंग्लैंड ने दूसरा टेस्ट एक पारी और 159 रन के विशाल अंतर से जीता था।
बता दें कि मुथैया मुरलीधरन की उपलब्धियां भी अपार हैं। वह तीन अलग-अलग स्थानों पर 100 या इससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। पूर्व ऑफ स्पिनर ने कोलंबो, कैंडी और गॉल में यह कारनामा किया है। वहीं मुरलीधरन के हमवतन रंगना हेराथ ने गॉल में 99 विकेट हासिल किए हैं।