इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने टीम इंडिया के खिलाफ शनिवार को सीरीज के अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन एक खास उपलब्धि अपने नाम हासिल कर ली है। एंडरसन टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले विश्व के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
एंडरसन ने चेतेश्वर पुजारा को विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच आउट कराकर यह उपलब्धि हासिल की। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पूर्व महान श्रीलंकाई ऑफस्पिनर मुथैया मुरलीधरन का रिकॉर्ड तोड़ा। मुरली ने टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट में 105 विकेट झटके थे। पुजारा का शिकार करते ही एंडरसन नंबर-1 बन गए। उनके इस रिकॉर्ड से निश्चित ही भारतीय बल्लेबाज थर-थर कांपेंगे।
एंडरसन ने मौजूदा टेस्ट की पहली पारी में टीम इंडिया के दो बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है। पुजारा के बाद अनुभवी गेंदबाज ने टीम इंडिया के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे को अपना शिकार बनाया। एंडरसन ने रहाणे को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया।
बता दें कि टीम इंडिया के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट विकेट झटकने के मामले में एंडरसन और मुरलीधरन के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान तीसरे नंबर पर हैं। इमरान खान ने टीम इंडिया के खिलाफ 94 टेस्ट विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर पूर्व कैरीबियाई तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल काबिज हैं, जिन्होंने 76 टेस्ट विकेट झटके। वेस्टइंडीज के ही एंडी रोबर्ट्स 67 विकेट के साथ इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं।
बता दें कि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के लिए टीम इंडिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज अच्छी बीत रही है। वह अब तक 21 विकेट झटक चुके हैं, जिसमें इजाफा होना तय नजर आ रहा है। वह इस सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शीर्ष पर काबिज हैं।