आईपीएल सीजन-12 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी जयपुर में हो रही है। हालांकि नीलामी के पहले दौर में फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीम के लिए बड़े योद्धाओं पर दांव खेल लिया है। आइए आपको बताते हैं आईपीएल 2019 के पांच सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में...
वरुण चक्रवर्ती को किंग्स इलेवन पंजाब ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा है। वरुण चक्रवर्ती आईपीएल 2019 की नीलामी में सबसे ज्यादा महंगे खिलाड़ी हैं। 20 लाख के बेस प्राइस वाले वरुण को अपने बेस प्राइस की 42 गुना रकम में खरीदा गया है।
पिछले सीजन में जयदेव उनादकट सबसे ज्यादा महंगे बिकने वाले खिलाड़ी थे। पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने इस खिलाड़ी को 11.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। राजस्थान रॉयल्स ने जयदेव को वरुण चक्रवर्ती के बराबर 8.40 करोड़ रुपये में ही खरीदा है। उनादकट राजस्थान रॉयल्स के अलावा केकेआर, आरसीबी और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए भी खेल चुके हैं।
इंग्लैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर सैम करन का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था, लेकिन आईपीएल नीलामी में पहली बार उतरे करन को किंग्स इलेवन पंजाब ने 7 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा। बता दें कि सैम करन ने हाल ही में टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
नीलामी के दौरान युवा खिलाड़ी शिवम दुबे की लॉटरी लग गई। 20 लाख के बेस प्राइज से बढ़कर उन्हें 5 करोड़ रुपए में आरसीबी ने खरीदा। उनके लिए दिल्ली कैपिटल्स भी रूचि दिखा रही थी। 13 टी-20 मुकाबलों में इस अनकैप्ड खिलाड़ी ने 10 विकेट लिए और बल्ले से भी जबरदस्त खेल दिखाते हैं।