टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा की गुरुवार को छह साल बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में वापसी हुई जब चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने आईपीएल की खिलाड़ियों की नीलामी में उन्हें 50 लाख रुपये के उनके आधार मूल्य पर खरीदा। पुजारा पिछली बार इस लुभावनी टी-20 लीग में किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा थे, जिसे अब पंजाब किंग्स के नाम से जाना जाता है।
सात साल बाद IPL खेलेंगे चेतेश्वर पुजारा, जब CSK ने खरीदा तो हॉल तालियों से गूंज उठा
पिछले कुछ टूर्नामेंटों में किसी भी फ्रेंचाइजी ने पुजारा को नहीं खरीदा था, लेकिन इस बार नीलामी में बिकने के बाद 33 साल के इस खिलाड़ी ने ट्वीट किया, 'भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद। इसे लेकर उत्सुक हूं।'
Thank you for showing the faith 🙏
Look forward! https://t.co/t7QlT6SGW1
पुजारा ने पिछले महीने भरोसा जताया था कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह निश्चित तौर पर अपनी फ्रेंचाइजी के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सीएसके ने जब पुजारा को खरीदा तो हॉल में मौजूद सभी लोगों ने तीन बार की चैंपियन टीम की इसके लिए सराहना करते हुए तालियां बजाई।
A round of applause 👏🏻 at the @Vivo_India #IPLAuction as @cheteshwar1 is SOLD to @ChennaiIPL. pic.twitter.com/EmdHxdqdTJ
सीएसके ने अपने आधिकारिक ट्विटर पेज पर लिखा, 'हम नीलामी हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट के साथ लीजेंड चेतेश्वर पुजारा का स्वागत करते हैं।' पुजारा टेस्ट मैचों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं लेकिन वह अपने इस प्रदर्शन को सीमित ओवरों के प्रारूप में दोहराने में नाकाम रहे हैं।
पुजारा ने 83 टेस्ट में 6227 रन बनाए हैं जबकि पांच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम पर सिर्फ 51 रन दर्ज हैं। उन्होंने कोई टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक 30 आईपीएल मैचों में 99.74 के स्ट्राइक रेट और 20.53 की औसत के साथ 390 रन बनाए हैं। वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेल चुके हैं।