सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले मैच की हार से सबक लेते हुए बृहस्पतिवार को जबरदस्त वापसी की। दुबई में खेले गए मुकाबले में टीम ने किंग्स XI पंजाब को 69 रनों से जोरदार पटखनी दी और उसके खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। हैदराबाद की तरफ से पहले बल्लेबाजों और फिर गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और मैच अपने नाम किया। ऐसे में आइए जानते हैं टीम के पांच स्टार खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने मैच में छाप छोड़ी
IPL 2020: बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने बरपाया कहर, पंजाब के खिलाफ चमके SRH के ये पांच सितारे
जॉनी बेयरस्टो:
टीम के सलामी बल्लेबाजी जॉनी बेयरस्टो ने एक बार फिर से आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने वार्नर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 160 रनों की साझेदारी की। बेयरस्टो अपने शतक से तीन रन से चूक गए और मात्र 55 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान सात चौके और छह छक्के लगाए।
डेविड वार्नर:
टीम के कप्तान डेविड वार्नर फिर से अर्धशतकीय पारी खेली उन्होंने 40 गेंदों में 52 रन बनाए ये उनका इस सीजन का दूसरा और आईपीएल का 46वां अर्धशतक था। उन्होंने बेयरस्टो के साथ पांचवीं बार शतकीय साझेदारी की।
राशिद खान:
हैदराबाद के स्टार गेंदबाज राशिद खान की फिरकी का जादू फिर से देखने को मिला। उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए पंजाब के तीन खिलाड़ियों को आउट किया। राशिद ने चार ओवर में मात्र 12 रन देकर पूरन, मनदीप सिंह और मोहम्मद शमी का शिकार किया। उन्होंने एक ही ओवर में पूरन और शमी को आउट कर पंजाब को मैच से बाहर कर दिया।
टी नटराजन:
अपनी यॉर्कर और सटीक गेंदों से सनसनी मचाने वाले तेज गेंदबाज नटराजन ने फिर से शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 3.5 ओवर में 24 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। नटराजन ने कॉट्रेल और अर्शदीप को आउट कर पंजाब की पारी समाप्त की।