आईपीएल के 13वें सीजन की शुरुआत पूर्व चैंपियन हैदराबाद के लिए अच्छी नहीं रही। दुबई में सोमवार को खेले गए मुकाबले में उसे आरसीबी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं वार्नर की टीम के अहम सदस्य मिचेल मार्श भी मैच के दौरान चोटिल हो गए। हालांकि चोटिल होने के बावजूद मिचेल मार्श ने अपनी दिलेरी से सभी का दिल जीत लिया।
IPL 2020: SRH भले ही मैच हार गई हो, लेकिन दिल मिचेल मार्श ने जीता, वार्नर भी हुए मुरीद
दरअसल मैच की पहली पारी में ऑलराउंडर मिचेल मार्श पांचवें ओवर में गेंदबाजी करने आए। इस के बाद उन्होंने आरोन फिंच को दो गेंदें फेंकी। इसी दौरान दूसरी गेंद पर फॉलो थ्रू में गेंद पकड़ने के चक्कर में उनका टखना मुड़ गया और वे दर्द से कराहने लगे। इसके बाद टीम के फिजियो ने मैदान पर पहुंचे और उन्हें देखा। हालांकि मार्श ने इसके बाद फिर से गेंदबाजी शुरू की और दो गेंदें फेंकी लेकिन फिर उन्हें चलने में दिक्कत होने लगी और वे मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह विजय शंकर ने ओवर की दो गेंदें फेंकी।
चोटिल होने के बाद हैदराबाद की दूसरी पारी में वे अपने क्रम पर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। लेकिन लगातार टीम के विकेट गिरता देख, वे पैड पहनकर 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। हालांकि वे इस दौरान भी दर्द में दिखे और उन्हें चलने में दिक्कतें हुई। उन्होंने एक गेंद का सामना किया और शिवम दुबे की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।
Mitch Marsh Respect 🙏 #SRHvsRCB pic.twitter.com/Ua2GuonMOo
— Prabhas Army™ (@PrabhasFanArmy) September 21, 2020
उधर मैच के बाद टीम के कप्तान डेविड वार्नर ने उनकी खूब प्रशंसा की और उनकी दिलेरी पर हैरान भी जताई। वार्नर ने कहा, ‘मिचेल ने साहस दिखाया और क्रीज पर उतरा। वह बहुत अच्छा महसूस नहीं कर रहा था। वह अपने पांव पर जोर नहीं दे पा रहा था। उम्मीद है कि उसकी चोट गंभीर नहीं होगी। उसे काफी दर्द हो रहा था इसलिए कुछ कहा नहीं जा सकता।’
Can we have a big round of applause for Mitch Marsh 👏👏#SRHvRCB #OrangeArmy #KeepRising
बता दें कि मिचेल मार्श चार साल बाद आईपीएल में खेल रहे हैं। उन्हें इस साल हैदराबाद की टीम ने दो करोड़ रूपये में अपने साथ जोड़ा है. इससे पहले वे 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की तरफ से खेले थे।