भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का पहला दोहरा शतक ठोक दिया। दूसरे दिन रोहित के साथ बल्लेबाजी करने आए मयंक ने पहले सत्र में अपना शतक पूरा किया और लंच के बाद दोहरा शतक जड़ दिया। 115वें ओवर की पहली गेंद पर मयंक अग्रवाल ने अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया। केशव महराज की गेंद पर दो रन लेकर मयंक ने अपना 200वां रन पूरा किया।
INDvSA: मयंक अग्रवाल ने ठोका पहला दोहरा शतक, वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड की बराबरी
दूसरे दिन के दोनों सत्र मयंक अग्रवाल के नाम रहे हैं। पहले सत्र में उन्होंने अपना शतक पूरा किया और दूसरे में उस शतक को दोहरे शतक में तब्दील कर दिया। इस तरह मयंक अग्रवाल भारतीय टीम के लिए 10 साल बाद दोहरा शतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज बन गए। साल 2009 में टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम पर 293 रन बनाए थे।
दूसरे दिन का खेल जब शुरू हुआ तो मयंक अग्रवाल शतक से 16 रन दूर थे, इस पड़ाव को पार करने के लिए कर्नाटक के इस बल्लेबाज कोई दिक्कत नहीं हुई, उन्होंने अपना 100वां रन 69वें ओवर में बनाया। भारतीय ओपनर ने केशव महाराज की गेंद पर सिंगल लेकर टेस्ट में उन्होंने अपना पहला शतक पूरा किया। मयंक और रोहित के बीच 317 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई।
मयंक अग्रवाल ने वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। वे देश के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं, जिसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोहरा शतक जमाया है। यह उनका भारत में पहला टेस्ट मैच है। इस तरह उन्होंने भारत में खेले गए अपने पहले ही टेस्ट मैच में न सिर्फ शतक, बल्कि दोहरा शतक जमा दिया है। मयंक 215 रन बनाकर आउट हुए
दोहरा शतक लगाने के साथ ही मंयक अग्रवाल चौथे ऐसे भारतीय बल्लेबाज बने, जिन्होंने अपने पहले टेस्ट शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया। मंयक से पहले दिग्गज बल्लेबाज दिलिप सरदेसाई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 1965 में, विनोद कांबली ने इंग्लैंड के खिलाफ 1993 में और करुण नायर ने भी इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में ये कारनामा किया है।
मयंक अग्रवाल ने अपना टेस्ट डेब्यू ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल किया था। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो मैचों में 65 की औसत से 195 रन बनाए। इंग्लैंड में पिछले साल हुई त्रिकोणीय सीरीज में मयंक इंडिया ए के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 71.75 की औसत से चार मैचों में 287 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 105.90 का रहा। इसके बाद उन्होंने दो टेस्ट वेस्टइंडीज के खिलाफ भी खेले, जिनमें उन्होंने किंग्सटन टेस्ट में एक अर्धशतक समेत 59 रन बनाए। वहीं दूसरे टेस्ट में उनके बल्ले से महज पांच और 16 रन ही निकल सके।