टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के लिए कैनबरा में खेला गया तीसरा वनडे हर लिहाज से अच्छा रहा। चार बड़े बदलाव के साथ उतरी टीम इंडिया ने यहां टॉस जीता, फिर बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक अच्छा स्कोर खड़ा किया और अंत में गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर टीम ने सीरीज का आखिरी मुकाबला अपने नाम किया।
तीसरा वनडे जीतने के बाद विराट हुए गेंदबाजों के मुरीद, कहा- बदलाव से आई ताजगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीरीज का आखिरी वनडे जीतने के बाद कप्तान कोहली भी काफी खुश और संतुष्ट नजर आए। विराट ने बुधवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया पर तीसरे और अंतिम वनडे में मिली सांत्वना भरी जीत सही समय पर आई जो बचे हुए दौरे के लिए मनोबल बढ़ाएगी और ऐसा टीम में बदलाव से आई ताजगी के कारण ही हो सका।
भारत ने मैच के लिए अंतिम एकादश में चार बदलाव किए थे जिसके बाद श्रृंखला गंवाने के बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर 13 रन से जीत हासिल की। भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया से तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी जो शुक्रवार से शुरू होंगे। इसके बाद 17 दिसंबर से चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।
कोहली ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ‘हम ऑस्ट्रेलियाई पारी के पहले और दूसरे हाफ में दबाव में थे। शुभमन और अन्य के आने से थोड़ी ताजगी आई। टीम को इस तरह के मनोबल की जरूरत थी।’
पहले दो मैचों में साधारण दिखने वाले भारतीय गेंदबाजों ने मनुका ओवल की पिच से काफी मदद हासिल की। कोहली ने कहा कि यह सिडनी की पिच से काफी बेहतर थी, जहां पहले दो मैच खेले गए थे। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि गेंदबाजों के लिए पिच काफी बेहतर थी, इसलिए आत्मविश्वास का स्तर भी ऊपर हुआ। लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के दौरान आप इस तरह की चुनौती का सामना करते हो। हम गेंद से और मैदान में बेहतर थे।’
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘टीम के प्रदर्शन से खुश हूं और उम्मीद करते हैं कि हम यह लय आगे भी जारी रखेंगे। मैं थोड़ी और देर तक बल्लेबाजी करना पसंद करता लेकिन पांड्या और जडेजा ने अच्छी साझेदारी निभाई।’