टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का आखिरी व निर्णायक मुकाबला शनिवार को केपटाउन में खेला जाएगा। विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 वन-डे मैचों की सीरीज 5-1 से जीतकर इतिहास रचा था और अब वह अपनी इस लय को टी-20 सीरीज में भी बरकरार रखना चाहेगी। इस मुकाबले में टीम इंडिया की निगाहें सीरीज जीत पर होगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम वन-डे सीरीज में मिली करारी हार का बदला लेने के लिए उतरेगी।
INDvSA: इन 11 खिलाड़ियों पर इतिहास रचने को निर्भर हो सकती है टीम इंडिया
ओपनर
टीम इंडिया के 'हिटमैन' कहे जाने वाले रोहित शर्मा और 'गब्बर' शिखर धवन ओपनर की भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, पिछले मुकाबले में धवन ने सधी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन रोहित शर्मा शू्न्य पर बोल्ड हुए थे। धवन ने 14 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए थे।
मिडिल ऑर्डर
मिडिल ऑर्डर की भूमिका में पिछले मैचों की तरह कप्तान विराट कोहली और सुरेश रैना नजर आ सकते है। हालांकि, एक साल बाद टीम में शामिल हुए रैना ने पिछले दोनों मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पहले टी-20 मुकाबले में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 15 जबकि दूसरे टी-20 मैच में 31 रन की पारी खेली। वहीं, दूसरे मुकाबले में कप्तान विराट कोहली केवल 1 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि मनीष पांडे ने पिछले मुकाबले में 48 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 79 रन की नाबाद पारी खेली।
विकेटकीपर और ऑलराउंडर
महेन्द्र सिंह धोनी ने अपने बल्लेबाजी से पिछले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 28 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 52 रन की नाबाद पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने सेंचुरियन में अपने टी-20 करियर का दूसरा अर्धशतक जमाया। वहीं, ऑलराउंडर की भूमिका में हार्दिक पांड्या नजर आएंगे।
गेंदबाजी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे व निर्णायक मुकाबले में गेंदबाजी में एक परिवर्तन किया जा सकता है। युवा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की जगह जसप्रीत बुमराह को शामिल किया जा सकता है। बाकी गेंदबाजों का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। मालूम हो कि पिछले मैच में चहल ने अपने गेंदबाजी से सबको निराश किया था। उन्होंने बिना किसी विकेट लिए 4 ओवर में 64 रन लुटाए थे।
टीम इंडिया: रोहित शर्मा, शिखर धवन, सुरेश रैना, विराट कोहली (कप्तान), मनीष पांडे, एमएस धोनी, हार्दिक पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, युजवेन्द्र चहल, जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट।
नोटः- महज यह हमारा एक आकलन भर है। असल में प्लेइंग इलेवन का पता मैच के ही दिन चलेगा।