भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मैच आज खेला जाएगा। दोनों टीम के बीच ये मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम मैदान पर होगा। मेजबान टीम का इरादा इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने का है। वहीं इंग्लैंड वनडे सीरीज में वापसी की पुरजोर कोशिश करेगी। भारत के लिए रोहित शर्मा की चोट चिंता का विषय है। दूसरे मैच में रोहित खेलेंगे या नहीं अभी इस पर टीम मैनेजमेंट की तरफ से कोई बयान नहीं दिया गया। आइए हम आपको भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे मैच की टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन के बारे में बताते हैं...
क्या सूर्यकुमार यादव करेंगे डेब्यू: दूसरे वनडे में ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग XI
ओपनर्स
रोहित शर्मा दूसरे वनडे के लिए फिट हैं या नहीं अभी इस पर टीम मैनेजमेंट का रुख साफ नहीं है। पहले वनडे के दौरान रोहित की कोहनी पर मार्क वुड की गेंद लगी थी। अगर वह फिट नहीं है तो दूसरे वनडे में हिटमैन का खेलना संदिग्ध है। अगर रोहित नहीं खेलते हैं तो ऐसे में शिखर धवन के साथ शुभमन गिल भारत के लिए पारी की शुरुआत कर सकते हैं। महज तीन एकदिवसीय मैच पुराने शुभमन गिल ने अपना आखिरी वनडे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
मध्यक्रम
मौजूदा समय में टीम इंडिया का मध्यक्रम काफी मजबूत है। मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली और केएल राहुल दो ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी परिस्थित में टीम को मैच जिताने का दमखम रखते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दूसरे एकदिवसीय के दौरान सूर्यकुमार यादव डेब्यू कर सकते हैं। सूर्यकुमार के मध्यक्रम में आने से टीम इंडिया को और मजबूती मिलेगी। ऐसे में भारतीय टीम किसी भी तरह का लक्ष्य हासिल कर सकती है। श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद सूर्यकुमार यादव को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
विकेटकीपर
पहले एकदिवसीय मैच में ऋषभ पंत को मौका नहीं मिला था। उनकी जगह टीम इंडिया ने केएल राहुल को तरजीह दी। राहुल ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। पहले वनडे में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल ने 43 गेंदों पर 62 रनों की आकर्षक पारी खेली। दूसरे वनडे में एक बार फिर केएल राहुल के खेलने की पूरी उम्मीद है।
ऑलराउंडर्स
अपने डेब्यू वनडे में धूम मचाने वाले ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या एक बार फिर इंग्लैंड के गेंदबाजों की धुनाई कर सकते हैं। पहले मैच में क्रुणाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 58 रनों की नाबाद पारी खेली थी। पहले मैच में फेल रहे हार्दिक से दूसरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। कुल मिलाकर मैच में पांड्या ब्रदर्स ऑलराउंडर्स की भूमिका में नजर आएंगे।