टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ मिली 203 रन की विशाल जीत को केरल बाढ़ पीड़ितों को समर्पित किया है। टीम इंडिया ने ट्रेंटब्रिज में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनों के लिहाज से इंग्लैंड की धरती पर 32 साल बाद सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
मैच के बाद कोहली ने कहा, 'यह जीत हम केरल के बाढ़ पीड़ितों को समर्पित करते हैं। हम अपनी और टीम इंडिया की तरफ से इतना छोटा योगदान दे सकते हैं।' इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज का अंतर 1-2 कर दिया है। कोहली को मैच में क्रमशः 97 और 103 रन की पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया।
कोहली ने साथ ही कहा कि भारतीय टीम के लिए यह जीत हर मायनों में जरूरी थी। उन्होंने कहा, 'हमें इस सीरीज में बने रहने के लिए जीतना बहुत जरूरी था। सभी विभागों में शानदार प्रदर्शन करने का मतलब हमारे पूरे ड्रेसिंग रूम की जीत हुई है। यह टेस्ट हमारे लिए अच्छा बीता। पिछले 5 टेस्ट में हमारा प्रदर्शन सिर्फ लॉर्ड्स टेस्ट में खराब रहा था।'
टीम इंडिया की विशाल जीत से खुश कप्तान कोहली ने बल्लेबाजों, गेंदबाजों और फील्डरों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हमारा इस मैच में पलड़ा भारी रहा क्योंकि हमने रन बनाए और फिर विकेट चटकाए। इसके साथ फील्डिंग में भी हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा। अश्विन ने अपनी चोट के बावजूद अच्छा प्रदर्शन किया। हमारे बल्लेबाजों ने गेंदबाजों को मैच का नतीजा निकालने का मौका दिया। स्लिप्स में फील्डरों ने अच्छा प्रदर्शन किया।'
5 of 5
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा
कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा का ट्रेंटब्रिज में मौजूदगी के लिए भी धन्यवाद अदा किया। उन्होंने कहा, 'मैं यह जीत और अवॉर्ड अपनी पत्नी को समर्पित करता हूं, जिन्होंने मुझे लगातार समर्थन दिया। पहले उन्हें काफी खरीखोटी सुनना पड़ी है। मगर इस जीत और प्रदर्शन के लिए वह श्रेय की हकदार हैं।' टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच सीरीज का चौथा टेस्ट मैच 30 अगस्त से रोजबाउल में खेला जाएगा।