भाजपा आज से पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा निकाल रही है। अशोक रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश सौंपा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में वाजपेयी की अस्थियों के 36 कलश 29 राज्यों और सभी केंद्र शासित प्रदेशों के भाजपा अध्यक्षों को सौंपे गए। पार्टी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन मंत्री रामलाल समेत कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के नेता भी मौजूद थे। इसमें वाजपेयी की दत्तक पुत्री नमिता कौल भट्टाचार्य एवं परिवार के अन्य लोग भी मौजूद थे ।
इस कार्यक्रम के तहत भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने राज्यों में वाजपेयी की अस्थियों का कलश लेकर जाएंगे। हर राज्य में अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी। पूर्व प्रधानमंत्री की इस कलश यात्रा के लिए प्रदेशों की राजधानियों, जिलों और तालुकों में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है ।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया कि भाजपा ने देश के सभी राज्यों में, दिवंगत अटल जी की 'अस्थि कलश यात्रा' निकालने का निश्चय किया है ताकि सभी देशवासी अपने लोकप्रिय नेता को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर सकें। इसके अंतर्गत आज भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्षों को अटल जी के अस्थि कलश प्रदेश की नदियों में प्रवाहित करने के लिए सौंपे गए।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में आज भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्षों को वाजपेयी के अस्थि कलश सौंपे गए। ये अस्थि कलश सभी प्रदेशों में ले जाये जा रहे हैं। अटलजी की स्मृतियाँ हम सबके हृदय में सदैव ताज़ा रहेंगी।