वनडे विश्व कप फाइनल से एक दिन पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को हल्के अभ्यास के साथ थकान से उबरने पर जोर दिया, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम ने बल्लेबाजी और फील्डिंग पर जमकर मेहनत की। भारतीय टीम का अभ्यास सत्र दोपहर में फुटबॉल खेलकर ‘वार्म-अप’ से शुरू हुआ। इसके बाद खिलाड़ी कुछ समय के लिए ड्रेसिंग रूम में लौटे और करीब एक घंटे बाद फिर से मैदान पर उतरे।
2 of 5
भारतीय महिला टीम
- फोटो : ICC
अभ्यास के दौरान शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा बल्लेबाजी अभ्यास किया। उनके साथ स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और हरलीन देओल ने भी नेट्स पर खूब पसीना बहाया। चोटिल सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल की जगह टीम में शामिल हुई शेफाली सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल पाई थीं, इसलिए फाइनल से पहले उन्होंने पूरी तैयारी की।
3 of 5
भारतीय महिला टीम
- फोटो : ICC
शेफाली ने थ्रो-डाउन पर बल्लेबाजी करने के बाद स्थानीय युवा गेंदबाजों के खिलाफ रक्षात्मक और आक्रामक दोनों तरह के शॉट्स का अभ्यास किया। वहीं, मंधाना ने बड़े शॉट खेलने का अभ्यास किया, जबकि सेमीफाइनल में नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेलने वाली जेमिमा रोड्रिग्स स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ कदमों का बेहतर इस्तेमाल करती दिखीं।
4 of 5
भारतीय महिला टीम
- फोटो : ICC
गेंदबाजी में राधा यादव और दीप्ति शर्मा ने अभ्यास किया, जबकि बाकी गेंदबाजों ने केवल ‘वार्म-अप’ तक ही सीमित रखा। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल काफी थकान भरा था, इसलिए टीम का फोकस रिकवरी पर रहा। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'फाइनल का मैच काफी रोमांचक होने वाला है। हम मानसिक और शारीरिक रूप से खुद को तैयार कर रहे हैं। कौशल के हिसाब से टीम पूरी तरह तैयार है, लेकिन फाइनल के लिए खुद को तरोताजा रखना बहुत जरूरी है, इसलिए हर खिलाड़ी रिकवरी को गंभीरता से ले रहा है।'
5 of 5
दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : ICC
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की टीम ने थ्रो-डाउन विशेषज्ञों और स्थानीय गेंदबाजों के खिलाफ लंबे समय तक बल्लेबाजी अभ्यास किया। कप्तान लाउरा वोल्वार्ड्ट, एनेके बॉश, तजमिन ब्रिट्स और नादिन डी क्लार्क ने बड़े शॉट खेलने पर विशेष ध्यान दिया। फाइनल में बड़े स्कोर की संभावना को देखते हुए अफ्रीकी बल्लेबाजों ने आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम ने दुधिया रोशनी में क्षेत्ररक्षण अभ्यास भी जमकर किया। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने शुक्रवार को विश्राम किया था, जबकि दक्षिण अफ्रीका का अभ्यास सत्र बारिश के कारण प्रभावित हुआ था।