भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिए साल 2020 कुछ खास नहीं रहा। रन मशीन कहे जाने वाले विराट पिछले साल किसी भी फॉर्मेट में एक भी शतकीय पारी नहीं खेल पाए। उनके पास हालांकि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शतक जड़ने का मौका था लेकिन पहले टेस्ट की पहली पारी में 74 रन बनाने के बाद वे दूसरी पारी में फ्लॉप रहे और फिर पितृत्व अवकाश लेकर स्वदेश लौट आए। हालांकि बीत गई सो बात गई, विराट अब एक बार फिर से नए सिरे से शुरुआत करने के लिए तैयार हैं।
INDvENG: कोहली-पुजारा के पास है मौका, तोड़ सकते हैं सुनील गावस्कर का ये खास रिकॉर्ड
वह अपनी पसंदीदा प्रतिद्वंदी इंग्लैंड टीम के खिलाफ पांच फरवरी से शुरू होने वाले टेस्ट मैच से साल की शुरुआत करेंगे और ऐसे में उनकी कोशिश जबरदस्त प्रदर्शन करने की होगी। यही नहीं इस दौरान विराट के निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड भी होंगे। ऐसा ही एक रिकॉर्ड होगा दिग्गज सुनील गावस्कर का जो आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
दरअसल गावस्कर ने स्वदेश में इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक 1331 रन बनाए हैं और विराट के पास इससे आगे निकलने का मौका होगा। सिर्फ विराट ही नहीं बल्कि टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा भी गावस्कर के इस रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेंगे।
बात करें इंग्लैंड के खिलाफ घर में विराट और पुजारा के रिकॉर्ड की तो ये काफी शानदार रहा है। विराट ने जहां 9 मैचों में 843 रन बनाए हैं, वहीं पुजारा ने भी इतने ही मैचों में 839 रन बनाए हैं। दोनों ने ही 2016-17 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी खूब रन बटोरे थे। विराट ने तब पांच मैचों में 100 से अधिक की औसत से 655 रन ठोके थे जबकि पुजारा ने भी 401 रनों का योगदान दिया था।
अब बात करें रिकॉर्ड की तो विराट इंग्लैंड के खिलाफ घर पर खेले गए टेस्ट मैचों में सर्वाधिक रनों के मामले में छठे और पुजारा सातवें स्थान पर हैं। वहीं गावस्कर इस मामले में सबसे ऊपर हैं। गावस्कर ने 22 मैचों में 1331 रन बनाए हैं। विराट अगर इस सीरीज में 489 और पुजारा 492 रन बना लेते हैं तो दोनों ही खिलाड़ी गावस्कर को पछाड़कर पहले स्थान पर काबिज हो जाएंगे।