इंग्लैंड दौरे पर भारत ने तीन खिलाड़ियों को छोड़कर बाकी सभी को आजमा लिया है। जो तीन खिलाड़ी नहीं खेले हैं, उनमें कुलदीप यादव, अभिमन्यु ईश्वरन और ध्रुव जुरेल शामिल हैं। सीरीज के पहले टेस्ट से ही कुलदीप को खिलाने की मांग की जा रही है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें मौका नहीं दिया है। भारत रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में दो स्पिनर को तो खिला रहा है, लेकिन कुलदीप की जगह नहीं बन पा रही है। टीम मैनेजमेंट की सोच एक अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाकर 20-30 रन अतिरिक्त रन बनाने की रही है। हालांकि, इसमें टीम इंडिया कामयाब नहीं हो पाई है। सुंदर कुछ खास टच में नहीं दिखे हैं। वहीं, नीतीश रेड्डी और शार्दुल ने भी बल्ले से कुछ खास नहीं किया है। इसी सोच को लेकर भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट को लताड़ लगाई है।
2 of 4
कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर
- फोटो : BCCI/PTI
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि कुलदीप इस सीरीज में शुरुआती चार टेस्ट में से एक भी मैच नहीं खेलेंगे। उन्होंने कहा, 'अगर किसी ने मुझे बताया होता कि कुलदीप यादव पहले चार टेस्ट मैचों में एक भी नहीं खेल पाएंगे, तो मैं बहुत हैरान होता।
दुर्भाग्य से, यह हमारी बल्लेबाजी को लेकर दीवानगी है और उन 20-30 अतिरिक्त रनों की तलाश है। अगर आपका नंबर सात बल्लेबाज 30 रन बनाता है और आपका नंबर आठ बल्लेबाज़ भी 30 रन बनाता है, तो आपके पास अतिरिक्त 60 रन होते हैं। पहले ये 60 रन बहुत उपयोगी हुआ करते थे, क्योंकि गेंदबाजों को पिच से मदद मिलती थी।'
3 of 4
शार्दुल-जडेजा
- फोटो : PTI
अश्विन ने शार्दुल ठाकुर को खिलाने की भारत की रणनीति पर सवाल उठाए जिन्हें दूसरे दिन केवल पांच ओवर मिले और उन्होंने 35 रन दिए। अश्विन ने इस तरह के सेटअप में कुलदीप को नजरअंदाज करने पर निराशा व्यक्त की, खासकर जब रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाज बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पिछले साल दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अश्विन ने तर्क दिया कि कुलदीप जैसे आक्रामक गेंदबाज को चुनने की भारत की अनिच्छा, भले ही बल्लेबाजी की गहराई पहले से ही मजबूत हो, तर्क से परे है।
4 of 4
अश्विन, जडेजा और सुंदर
- फोटो : Twitter
उन्होंने कहा, 'अगर आप सिर्फ शार्दुल ठाकुर को इतने ओवर देने की योजना बना रहे हैं और उनसे 20-30 रन की उम्मीद कर रहे हैं। मैं शार्दुल ठाकुर को पसंद करता हूं, लेकिन अगर इतना ही उपयोग करना है, तो आप कुलदीप यादव पर विचार क्यों नहीं कर सकते? यह सिर्फ मेरे सिर के ऊपर से जा रहा है। मुझे पता है कि यह हालात के खिलाफ लगता है कि टीम में तीन स्पिनर हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। जडेजा अब आपके लिए एक विशेषज्ञ बल्लेबाज है। वॉशिंगटन सुंदर भी अच्छी बल्लेबाजी कर लेते हैं। जब आपके गेंदबाज इतनी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं तो आप आक्रामक गेंदबाज को क्यों नहीं उतार रहे हैं।'