टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अंगूठे में चोट की वजह से तीन हफ्ते के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। विश्व कप में धवन का बाहर हो जाना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है। धवन अब तीन हफ्ते तक कोई मैच नहीं खेल सकेंगे। बता दें कि धवन इकलौते खिलाड़ी नहीं हैं, जो विश्व कप से बाहर हो गए। 'गब्बर' के अलावा पांच और ऐसे खिलाड़ी हैं, जो चोटिल होने की वजह से विश्व कप से बाहर हो गए हैं। आइए जानते हैं वो पांच खिलाड़ी कौन हैं?
शिखर धवन अकेले नहीं ये पांच खिलाड़ी भी हो चुके हैं वर्ल्ड कप 2019 से बाहर
डेल स्टेन
दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी कंधे की चोट के चलते पूरे विश्व कप से बाहर हो चुके हैं। स्टेन इस विश्व कप में एक भी मैच नहीं खेल पाए और उन्हें चोट के कारण बाहर होना पड़ा। प्रोटियाज टीम को स्टेन की कमी साफ नजर आ रही है। विश्व कप 2019 में दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम अभी तक चार मैचों में एक मैच भी नहीं जीत पाई है।
मोहम्मद शहजाद
अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद भी विश्व कप से बाहर हो चुके हैं। उन्हें अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घुटने की चोट का हवाला देकर टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया। हालांकि, इस मामले में शहजाद ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें साजिश के तहत टीम से बाहर किया गया है। वो बिलकुल फिट थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अनफिट करार देकर टीम से बाहर कर दिया गया। शहजाद की जगह 18 वर्षीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज इकराम अली को टीम शामिल किया गया है।
एनरिच नोर्ट्जे
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नोर्ट्जे अंगूठे में चोट लगने की वजह से विश्व कप से बाहर हो गए। उन्हें प्रैक्टिस के दौरान अंगुठे में चोट लगी थी। उस समय खबर थी कि उन्हें पूरी तरह से ठीक होने में अभी 6 से 8 हफ्ते लगेंगे। नोर्ट्जे की जगह क्रिस मॉरिस को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया।
झाय रिचर्डसन
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन कंधे की चोट से के कारण विश्व कप से बाहर हो गए। टीम में उनकी जगह केन रिचर्डसन को शामिल किया गया। पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान उन्हे चोट लगी थी।