टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में छाए हुए हैं। उन्होंने पहले बल्ले से कमाल किया और अपने टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक जमाया। इसके बाद पांड्या ने फील्डिंग में कमाल किया और अफगानिस्तान का पहला विकेट रनआउट के रूप में गिराया। यह कहना गलत नहीं होगा कि हार्दिक पांड्या फिलहाल अफगानिस्तान के लिए बुरा सपना बने हुए हैं।
वीडियो: पहले बल्ले से और फिर रॉकेट थ्रो, हार्दिक पांड्या बने अफगानिस्तान के लिए बुरा सपना
बता दें कि हार्दिक पांड्या जब बल्लेबाजी करने आए तब टीम इंडिया का स्कोर पांच विकेट पर 328 रन था। इसके बाद दाएं हाथ के बल्लेबाज ने मोर्चा संभाला और टीम इंडिया को 474 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। हार्दिक पांड्या ने 94 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 71 रन की उम्दा पारी खेली। उन्होंने वफादार की गेंद पर अफसर जजाई को कैच थमाया और इस तरह पांड्या की पारी का अंत हुआ।
इसके बाद टीम इंडिया के विशाल स्कोर के सामने अफगानिस्तान की शुरुआत भी हार्दिक पांड्या ने बिगाड़ी। मेहमान टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 15 रन हो चुका था। मोहम्मद शहजाद (14) और जावेद अहमदी (1) रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे। अफगानिस्तान को अपनी ओपनिंग जोड़ी से कमाल के प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन पांड्या ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अफगानिस्तान की पारी के चौथे ओवर की अंतिम गेंद पर पांड्या ने रॉकेट थ्रो जमाकर शहजाद की पारी का अंत किया। अफगानिस्तान का पहला टेस्ट विकेट रनआउट के रूप में गिरा। इशांत शर्मा ने ओवर की आखिरी गेंद शॉर्ट लेंथ की डाली जो स्विंग होकर अंदर की तरफ आई। शहजाद ने हल्के हाथों से शॉट खेला और एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। पॉइंट पर मौजूद पांड्या तेजी से दौड़ लगाते हुए गेंद पकड़ी और नॉन स्ट्राइकर्स एंड पर सटीक थ्रो जमाया। रीप्ले में दिखा कि शहजाद क्रीज से काफी बाहर रह गए।
बता दें कि हाल ही में हार्दिक पांड्या को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने टेस्ट टीम में हार्दिक पांड्या की जगह पर सवाल उठाया था। पांड्या का टेस्ट में पिछले कुछ समय से प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, जिसे देखते हुए चोपड़ा ने कहा था कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मैं हार्दिक को मौका देना पसंद नहीं करूंगा। चोपड़ा ने साथ ही कहा कि टेस्ट में पांड्या अपने आप को स्थापित ऑलराउंडर साबित नहीं कर पाए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पांड्या का मौजूदा प्रदर्शन बहुत मायने रखता है। उन्होंने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।