टीम इंडिया ने मंगलवार को बांग्लादेश को 28 रन से हराकर वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने नौ विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 48 ओवर में 286 रन ही बना सकी। उसकी ओर से शाकिब अल हसन ने सबसे अधिक 66 रन बनाए जबकि मोहम्मद सैफुद्दीन 51 रन पर नाबाद लौटे।
इन पांच 'शेरों' ने टीम इंडिया को पहुंचाया सेमीफाइनल में, बांग्ला टाइगर्स को किया चारों खाने चित
रोहित शर्मा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा ने इस मैच में 92 गेंदों में सात चौके औरर पांच छक्के की मदद से 104 रन की शतकीय पारी खेली। इसके साथ ही मौजूदा विश्व कप में उनके चार शतक हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा की बराबरी कर ली। वहीं, कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
केएल राहुल
इंग्लैंड के खिलाफ शून्य पर आउट होने वाले सलामी बल्लेबाजी केएल राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ हिटमैन रोहित का साथ देते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने 92 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल और रोहित के बीच पहले विकेट के लिए 180 रनों की विशाल साझेदारी हुई।
जसप्रीत बुमराह
टीम इंडिया के इस गेंदबाज की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 55 रन देकर चार विकेट चटकाए। इस दौरान उनका इकॉनमी 5.50 का रहा। इसके साथ ही बुमराह के मौजूदा विश्व कप में 14 विकेट हो गए हैं।
हार्दिक पांड्या
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने इस मैच में अपने बल्ले से तो कोई कमाल नहीं कर पाए, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 60 रन देकर तीन विकेट चटकाए।