कप्तान टिम पैन ने टीम इंडिया के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई एकादश का एलान कर दिया है। कप्तान पैन ने बताया कि ओपनर मार्कस हैरिस को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया जाएगा और ऑल राउंडर मिचेल मार्श पर पीटर हैंड्सकोंब को तरजीह दी जाएगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट एडिलेड में खेला जाएगा।
पैन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मार्कस हैरिस और आरोन फिंच पहले टेस्ट में ओपनिंग करेंगे। इसी के साथ हैरिस ऑस्ट्रेलिया के 456वें पुरुष टेस्ट खिलाड़ी बनेंगे। हैंड्सकोंब को पांचवें नंबर पर मिचेल मार्श पर तरजीह दी जाएगी, जिसका मतलब पहले टेस्ट में कंगारू टीम चार विशेषज्ञ गेंदबाजों मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और नाथन लियोन के साथ मैदान संभालेगी।
मार्श को बाहर करने के बारे में पैन ने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि वह टेस्ट स्तर पर महान ऑलराउंडर बन सकते हैं, लेकिन फिलहाल अभी उन्हें मेहनत की जरूरत है। इस सीरीज में कई जगह होंगी, जहां विकेट सपाट होंगे और परिस्थितियां गर्म होंगी। ऐसे में गेंदबाज ज्यादा थकेंगे। हमें वहां मार्श की जरूरत पड़ेगी। हम उन्हें शील्ड में भेज रहे हैं ताकि वह थोड़े समय और क्रिकेट खेलें।'
पैन ने आगे कहा, 'एडिलेड की पिच ने पिछले कुछ वर्षों में पूरे मैच के दौरान हमारी मदद की है। हमें नाथन लियोन पर काफी विश्वास है और तीनों ही तेज गेंदबाज भी अच्छी लय में हैं।' ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लेंगर का मानना है कि भारतीय टीम मजबूत है और उसके हाव-भाव से लग रहा है कि वह सीरीज जीतकर इतिहास रचना चाहेगी। उन्होंने कहा कि हम टीम इंडिया की इज्जत करते हैं, लेकिन हमारी पूरी कोशिश होगी कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया में सफल होने से रोक सकें।
5 of 5
jodh hazlewood mitchell marsh
एडिलेड टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम इस प्रकार है- मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकोंब, ट्रेविस हेड, टिम पैन, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड।