चौथे टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों हार झेलने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री की जमकर आलोचना हुई थी। इसके दो दिन बाद शास्त्री ने चुप्पी तोड़ते हुए टीम इंडिया को पिछले 15-20 साल के मुकाबले सबसे बेहतर करार दिया। मगर क्या वाकई टीम इंडिया में सबकुछ ठीक चल रहा है? कप्तान विराट कोहली की अगुवाई और कोच शास्त्री की देख-रेख में क्या मौजूदा टीम के सारे खिलाड़ी खुश हैं ? पढिए पूरी खबर..
मीडिया रिपोर्ट की माने तो टीम में फूट पड़ चुकी है। खिलाड़ी कप्तान विराट कोहली और कोच शास्त्री की नीतियों से नाखुश हैं। दरअसल, इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के बदलाव को लेकर टीम इंडिया के खिलाड़ी खुश नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने कप्तान और कोच को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
इंडियन एक्सप्रेस' में छपी रिपोर्ट के मुताबिक टीम के एक खिलाड़ी ने कहा, 'अगर वे दौरे की शुरुआत में ये बात कहते तो बेहतर होता कि हम पहले तीन टेस्ट मैचों के लिए टीम में कोई बदलाव नहीं करेंगे। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। इससे खिलाड़ी का मनोबल टूटता है।
उन्होंने आगे कहा कि, टीम में विश्वास जगाने की दरकार है। इससे खिलाड़ियों में एक अलग तरह का आत्मविश्वास जगता है। कोहली एक अच्छा इंसान हैं और टीम के लिए सबसे अच्छा चाहते हैं और इसका मतलब यह नहीं कि वह टीम का निर्माण करते हैं, लेकिन इस तरह का बदलाव आपको खुद संदेह में डालता है। हम इंसान हैं इसलिए शायद यह महसूस करने की हमारी गलती हैं।'
खिलाड़ी का ये भी कहना है कि ये सारी चीजें उन्हें गलत मानसिक अवस्था की ओर ले जाता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब भारतीय बल्लेबाजों पर अंगुली उठी कि उन्होंने कैसे अंग्रेजी गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए तब पर भी टीम के सदस्य को लगता है कि गेंदबाजों को अधीक तैयारी करने की जरूरत थी।