पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आमिर यामिन ने मौजूदा टी10 लीग में इतिहास रच दिया। उन्होंने लगातार चार गेंदों में चार विकेट झटके। संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए मुकाबले में बंगाल टाइगर्स ने नॉर्दन वॉरियर्स को 36 रन से मात दी।
बता दें कि बंगाल टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 10 ओवर में 130 रन बनाए। इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जेसन रॉय ने सिर्फ 29 गेंदों पर 60 रन की आक्रामक पारी खेली जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 21गेंदों में 47 रन बनाए. जवाब में वॉरियर्स की टीम 94 रन पर ढेर हो गई।
131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्दन वॉरियर्स को लेंडल सिमंस और ड्वेन स्मिथ ने चार ओवर में 33 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कैरेबियाई स्टार स्पिनर सुनील नरेन ने टाइगर्स की वापसी कराई। उन्होंने लगातार दो गेंदों में दो विकेट लिए। इसमें विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट होना शामिल है।
निकोलस पूरन ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन अली खान ने उन्हें 14 रन के निजी स्कोर पर डगआउट लौटा दिया। सिमंस ने 44 रन की पारी खेली और अपनी टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन तभी यामिन की सुनामी आई, जिसमें वॉरियर्स पूरी तरह बह गई।
यामिन ने सिमंस को आउट किया और इसके बाद उन्होंने अगली तीन गेंदों में रोवमैन पॉवेल, रवि बोपारा व हार्डस विलिजोएन को अपना शिकार बनाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने लगातार चार गेंदों में चार विकेट लिए और 2007 विश्व कप में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का कारनामा दोहराया। आमिर यामिन ने दो ओवर के अपने कोटे में एक मेडन सहित चार रन देकर चार विकेट झटके। इसी के साथ बंगाल ने टी10 लीग में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।