तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों चुनाव प्रचार जोरों पर है। तमाम नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह-तरह के नुस्खे आजमा रहे हैं। तेलंगाना में एक नेता जी का अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहां नेताजी हाथों में चप्पल लेकर घूमते दिख रहे हैं, हालांकि चप्पल नेता जी का चुनाव चिह्न नहीं है। नेता जी वोटरों को चप्पल देकर ऐसी अपील भी कर रहे हैं जिसे जानकर आप लोटपोट हो जाएंगे।
दरअसल, तेलंगाना में कोर्ताला विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी अकुला हनुमंत लोगों को चप्पल बांटते हुए नजर आ रहे हैं। अकुला वोटरों से कह रहे हैं कि चुनाव जीतकर काम नहीं करूं तो इसी चप्पल से आप मेरी पिटाई भी कर सकते हैं। उनका यह चुनावी कैंपेन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अन्य नेताओं से भी ऐसा करने को कह रहे हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी अकुला हनुमंत कह रहे हैं कि मेरे पीछे किसी पार्टी का हाथ नहीं है। मैं बिना किसी पार्टी चिह्न के चुनाव लड़ रहा हूं। यहां के लोगों से मैंने जो वादे किए हैं, उन्हें जीतने के बाद जरूर पूरा करूंगा।
अकुला हनुमंत कह रहे हैं कि मुझे विश्वास है कि लोग मुझे वोट देंगे और जीतने के बाद मैं अपने वादे पर खरा उतरूंगा। इसीलिए मैं लोगों के घर-घर जाकर वोट मांग रहा हूं और उन्हें यह विश्वास दिला रहा हूं कि जनता से किए वादे पूरा करूंगा। मैं लोगों को घर-घर जाकर चप्पल दे रहा हूं और उनसे यह अपील कर रहा हूं कि अगर मैं अपने वादे पर खरा न उतरूं तो वे लोग मेरी ही दी गई चप्पल से मेरी पिटाई करें।
अकुला हनुमंत का चप्पल के साथ वोट मांगने वाला वीडियो इलाके में काफी वायरल हो रहा है। लोग इसे सोशल मीडिया पर जमकर शेयर भी कर रहे हैं। आपको बता दें कि तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर 7 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि वोटों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।