छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 को लेकर सियासी माहौल गर्म है। राजनीतिक दल धुआंधार प्रचार में जुटे हुए हैं। अमर उजाला का चुनावी रथ दुर्ग में था फिर आज कोरबा पहुंचा। यहां हमारे संवाददाता ने लोगों की राय भी जानने की कोशिश की। बहरहाल, दुर्ग शहर और कोरबा में भाजपा-कांग्रेस सहित तमाम दल किस तरह प्रचार में जुटे हुए हैं, देखिए कुछ ऐसी ही तस्वीरें।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में इस बार दुर्ग में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर रहती है। कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के अलावा इस बार पूर्व कांग्रेस दिग्गज अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ भी हुंकार भर रही है। जेसीसी और बहुजन समाज पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
दुर्ग में दो विधानसभा सीटें हैं- दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर रहती है। इस बार दुर्ग ग्रामीण से भाजपा ने जागेश्वर साहू और कांग्रेस ने प्रतिमा चंद्रकर को टिकट दिया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के टिकट पर ओमप्रकाश देवांगन लड़ रहे हैं।
इस बार कांग्रेस, भाजपा के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रही है। भाजपा पिछले 15 साल से यहां सत्तारुढ़ है। सीएम रमन सिंह के सामने सत्ता को बनाए रखने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस वापसी की पुरजोर कोशिश में है।
वहीं, कोरबा में भी चुनावी प्रचार जोरों पर है। कांग्रेस उम्मीदवार का प्रचार जोर पकड़ चुका है।