भारत में ऐसे कई गाँव हैं, जहां-जहां आपको कुछ न कुछ अजब-गजब जरूर मिलेगा। ऐसा ही एक गाँव है पंजाब में, जहां आपको ऐसी तस्वीर देखने को मिलेंगी, जो आजतक कहीं देखी नहीं होंगी।
पंजाब का यह गाँव घरों में बने पानी की टंकियों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। आइये आपको इस गाँव के बारे में कई और रोचक जानकारियां बताते हैं।
आप घरों के ऊपर छत पर हवाईजहाज, पानी का जहाज, बैल, गुलाब, बब्बर शेर, घोड़ा, बस, कार, कमल के रूप में कई पानी की टंकियां देख सकते हैं।
पंजाब में यह गाँव जालंधर में है और इस गाँव का नाम है उपल्लां। इस गाँव के कई घरों में आप हवाईजहाज, पानी का जहाज के रूप में तरह-तरह की टंकियां देख सकते हैं। असल में इस गाँव के कई लोग पैसा कमाने के लिए विदेश में रहते हैं और इन एनआरआईज ने गाँव में अपनी कोठी को अलग पहचान देने के लिए इस तरह की पानी की टंकियां अपने घरों के ऊपर बनवाई हैं।
इस गाँव में सबसे पुरानी है पानी के जहाज की टंकी वाली कोठी। इस कोठी के मालिक 70 वर्ष पहले हांगकांग गए थे। हांगकांग जाने के लिए उन्होंने पानी के जहाज से सफर किया था। अपने परिजनों को अपनी पहली यात्रा के बारे में बताने के लिए उन्होंने अपने कोठी के ऊपर पानी के जहाज की टंकी बनवाई।