हनीप्रीत गिरफ्तार हुई और उसे कोर्ट में पेश करके 6 दिन के रिमांड पर लिया गया। वीरवार सुबह पुलिस उसे लेकर पंचकूला से निकल गई, जानिए कहां ले गई और क्यों?
दरअसल, पंचकूला पुलिस हनीप्रीत और उसकी साथी महिला सुखदीप कौर को लेकर पंजाब गई है। वहां संगरूर जिले के भवानीगढ़ थाने में दोनों को रखा गया है। वहीं थाने के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जीरकपुर पटियाला हाइवे से होते हुए पुलिस हनीप्रीत को लेकर भवानीगढ़ पहुंची। अब पुलिस दोनों को लेकर बठिंडा स्थित उस घर में जाएगी, जहां पर वह रुकी थी। साथ ही पुलिस को हनीप्रीत का मोबाइल भी बरामद करना है।
हनीप्रीत को बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान हनीप्रीत कई बार भावुक हुई। उसने रोते हुए खुद को निर्दोष बताया। हनीप्रीत के साथ गिरफ्तार सुखदीप कौर को भी पूछताछ के लिए छह दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिसका पति इकबाल डेरा के अहम सदस्य रह चुका है।
पुलिस ने अदालत से दंगे की साजिश रचने, फरार आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल करने, मोबाइल की बरामदगी और छिपने के ठिकानों का पता लगाने के लिए हनीप्रीत का 14 दिन का रिमांड मांगा। वहीं बचाव पक्ष के वकील एसके गर्ग नरवाना ने बताया कि हनीप्रीत के खिलाफ कोई पुख्ता सुबूत नहीं मिले हैं। उसे फंसाया जा रहा है। इसके बाद कोर्ट ने हनीप्रीत का छह दिन का ही रिमांड दिया।
हनीप्रीत के वकील प्रदीप आर्य ने अदालत के बाहर बातचीत में बताया कि पुलिस ने रिमांड के लिए पुख्ता वजह नहीं दी। डिसक्लोजर स्टेटमेंट के आधार पर किसी को आरोपी नहीं बनाया जा सकता है। पुलिस की तरफ से कुछ आरोप लगाए गए हैं, लेकिन बचाव पक्ष ने इस पर अपना पक्ष रखा। हनीप्रीत भाग नहीं रही थी, बल्कि सरेंडर करने से पहले कानूनी सलाह ले रही थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। लुक आउट नोटिस के बारे में भी उसे पता नहीं चल सका।