पासपोर्ट बनवाने की सोच रहे युवाओं के लिए खबर। इस महीने के अंत तक इस जगह पर पासपोर्ट बनने शुरू हो जाएंगे, तैयार कर लीजिए डोक्यूमेंट्स।
हरियाणा के हिसार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने को लेकर डाक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने को अंतिम रूप दे दिया गया है। करनाल में भी एक सेंटर खोला जाना है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ से पासपोर्ट उप अधिकारी अमित कुमार रावत और सहायक अधीक्षक सहदेव कौशिक ने हिसार के पोस्ट ऑफिस के अफसरों से मुलाकात करके सब कुछ फाइनल कर लिया है।
एके रावत ने बताया कि शुक्रवार को डाक विभाग के वरिष्ठ पोस्ट मास्टर ताराचंद शर्मा और अरुण गोयल और अन्य अधिकारी मौजूद थे। 31 मार्च से पहले पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने का निर्णय किया गया है। हिसार की जनता के साथ-साथ भिवानी, सिरसा, जींद की जनता को भी इसका फायदा होने जा रहा है। इन तीन जिलों के नागरिक भी यहां पासपोर्ट बनवा सकेंगे।
रावत ने बताया कि यह विदेश मंत्रालय का बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके अंतर्गत हर जिले तक पासपोर्ट सेवा देने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके बाद पासपोर्ट बनवाने के लिए पासपोर्ट ऑफिस जाने की जरूरत नहीं। पोस्ट ऑफिस में जाकर अप्लाई कर सकते हैं। हाल ही में पेश किए गए आम बजट में वित्त मंत्री ने इसकी घोषणा की। इसके मुताबिक्र जल्द ही देश भर के चुनिंदा 56 पोस्ट ऑफिस में भी पासपोर्ट आवेदन फार्म स्वीकार किए जाएंगे।
वहीं इस प्रक्रिया से नया पासपोर्ट 15 दिन में आवेदनकर्ता को मिल जाएगा। सांसद दुष्यंत चौटाला ने हिसार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए संसद में मुद्दा उठाया था। पिछले महीने विदेश मंत्रालय की ओर से अनुमति दी गई थी। सीएम मनोहरलाल ने फरवरी महीने में इसकी औपचारिक घोषणा की थी। अगले चरण में पंजाब के पटियाला और बठिंडा के पोस्ट आफिस में भी पासपोर्ट आवेदन फार्म स्वीकार किए जाएंगे।