चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी के टॉप-20 में नहीं आ सका। इसका पछतावा नेताओं को भी है। सोमवार शाम को सेक्टर-17 में शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग के उद्घाटन समारोह में प्रशासक और सांसद किरण खेर ने चंडीगढ़ के टॉप-20 स्मार्ट सिटी में न आने पर प्रशासन के तत्कालीन अधिकारियों को जिम्मेदार बताया, जिन्होंने पिछला स्मार्ट सिटी का प्रपोजल बनाया था। बता दें कि पिछला स्मार्ट का प्रपोजल तैयार करने में पूर्व सलाहकार विजय देव, आईएएस दानिश अशरफ भी शामिल हैं। आयोजन के बाद सांसद किरण खेर ने कहा कि पहले के अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी का प्रपोजल तैयार करते वक्त उन्हें विश्वास में नहीं लिया था।
मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन, दिखा स्मार्ट सिटी नहीं बनने का दुख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब व हरियाणा के गवर्नर एवं प्रशासक कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि स्मार्ट सिटी बनने के लिए चंडीगढ़ में कोई कमी नहीं है। हो सकता है कि पिछले प्रपोजल में कोई तकनीकी कमी रही हो। शहरवासी पहले से ही स्मार्ट हैं। इस मौके पर प्रशासक ने मल्टीलेवल पार्किंग चलाने के लिए साहिब सिंह और इंपायर स्टोर की पार्किंग बंद करने के मामले में कहा कि उनसे कुछ व्यापारी मिले थे। उन्हें डरने की जरूरत नहीं है प्रशासन और निगम वही करेगा जो वह चाहते हैं। कोई योजना स्थायी नहीं होती है अगर किसी प्लान को बदलने की जरूरत पड़ी तो उसे बाद में रिव्यू करने पर बदला जा सकता है।
बता दें कि कि बिजनेस प्रमोशन काउंसिल सेक्टर-17 की बंद की जाने वाली पार्किंग के खिलाफ है। यह दोनों पार्किंग मंगलवार से बंद कर दी जाएंगी। मेयर अरुण सूद ने भी कहा कि अगर पार्किंग बंद करने से कारोबार प्रभावित होगा तो बंद करने के फैसले को रिव्यू किया जाएगा। प्रशासक ने यह भी कहा कि शहर में 24 घंटे पानी की सप्लाई देने के लिए काम हो रहा है। सांसद किरण खेर ने मंच से कहा कि चंडीगढ़ टॉप-20 स्मार्ट सिटी में नहीं आया तो उन्हें भी धक्का लगा। क्योंकि उन्हें लगता था कि चंडीगढ़ पहले से ही आधा स्मार्ट है। सभी फैसले प्रशासन करता है लेकिन पत्रकार उनसे सवाल पूछते हैं कि चंडीगढ़ टॉप-20 स्मार्ट सिटी में क्यों नहीं आया। ऐसे में मीडिया कर्मियों को उन्हें फोन करने की बजाय प्रशासन को फोन करना चाहिए। क्योंकि स्मार्ट सिटी के प्रपोजल के सभी निर्णय प्रशासन ही करता है।
कांग्रेस ने किया बहिष्कार: उद्घाटन समारोह का कांग्रेस पार्टी ने पूरी तरह से बहिष्कार किया। कांग्रेस ने साहिब सिंह और इंपायर स्टोर की बंद होने वाली पार्किंग के खिलाफ विरोध जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि इससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा।
प्लाजा बनेगा निशुल्क वाई फाई जोन: मेयर अरुण सूद का कहना है कि जल्द ही सेक्टर-17 प्लाजा को 24 घंटे निशुल्क वाई फाई फ्री जोन बना दिया जाएगा। इसके लिए कनेक्ट कंपनी से बात हो गई है। इसी कंपनी ने रोज फेस्टिवल में गार्डन को फ्री वाई फाई जोन बनाया था। कमिश्नर ने बताया कि पांच ई रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है। जिससे लोग मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ी पार्क करने के बाद प्लाजा में ई रिक्शा से जा सकते हैं। मल्टीलेवल पार्किंग के सरफेस पर सोलर पावर प्लांट भी लगेगा। गौरतलब है कि इस मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर 48 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
अंडरग्राउंड पार्किंग न चलाने पर जताया अफसोस: कमिश्नर बी पुरुषार्था ने सेक्टर-17 की पहले से बनी तीन अंडरग्राउंड पार्किंग न चलाने पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि जिस समय यह अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई गई थी उस समय इसे चलाने की कोई पॉलिसी नहीं बनाई गई। उस समय यह नहीं सोचा गया कि इसे किस तरह चलाया जाना है। कोई भी प्रोजेक्ट बनाना आसान है लेकिन उसे चालान उससे भी मुश्किल है।
पहले दिन 70 गाड़ियां हुईं पार्क: सोमवार को पहले दिन 70 गाड़ियां मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क हुईं। मैक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक कुमार चौहान ने कहा कि सोमवार को निशुल्क ही वाहन पार्क हुए हैं। मंगलवार से ऑफिशियल तौर पर पार्किंग शुरू हो जाएगी। यहां पर पार्क होने वाली हर गाड़ी का नंबर रिकॉर्ड होगा।