चर्च के बाहर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे पादरी को गोलियां मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में लोगों ने नेशनल हाइवे जाम कर दिया, तस्वीरें
सलेम टाबरी के पीरुबंदा बंदा इलाके में शनिवार की रात पॉदरी सुल्तान मसीह की गोलियां मार कर हत्या के विरोध में रविवार को फिर से ईसाई समुदाय के सैकड़ों लोग चर्च के बाहर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पुलिस कमिश्नर आरएन ढोके पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंचे और उन्हें विश्वास दिलाने की कोशिश की कि जल्द ही पॉदरी की हत्या करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोगों ने उनकी एक न सुनींऔर प्रदर्शन करने के लिए जगरांव पुल की तरफ जाने लगे। इस पर जगरांव पुल पर पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया तो प्रदर्शनकारी जालंधर बाईपास पहुंचे और चारों तरफ से चौक को घेर लिया। पुलिस ने ट्रैफिक पुल से निकाला तो प्रदर्शनकारियों ने ग्रीन लैंड स्कूल के बाहर दोनों तरफ से जीटी रोड और सर्विस लेन पर धरना लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना हटाया।
दोपहर करीब बारह बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान ईसाई समुदाय के लोग हाइवे के साथ साथ सर्विस लेन पर भी इकट्ठा हो रखे थे। प्रदर्शनकारी किसी भी वाहन को किसी रास्ते से नहीं जाने दे रहे थे। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उनसे बात करनी चाही। इस पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस अधिकारी के साथ काफी तीखी बहस हुई।
अन्य पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और अपने अधिकारी को वहां से ले गए। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारी आम लोगों के साथ भी निकलने को लेकर बहस करते रहे। अगर कोई व्यक्ति साइड देख कर निकलने लगता तो प्रदर्शनकारी उसके साथ बहस करना शुरू कर देते थे।