2007 में भारत को T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले इस क्रिकेटर के पिता पर चाकू से हमला हो गया है, साथ ही लूटपाट भी की गई।
घटना हरियाणा के रोहतक की है, जनता कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश शर्मा अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज और हिसार में तैनात डीएसपी जोगिंदर शर्मा के पिता हैं। ओमप्रकाश की काठमंडी में शर्मा पान भंडार नाम से दुकान है।
पुलिस को दी शिकायत में ओमप्रकाश ने बताया कि शनिवार की रात करीब पौने बारह बजे दुकान बंद कर रहा था। तभी 20 से 22 साल की उम्र के दो युवक आए और सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक मांगी। उन्हें सामान दे दिया। थोड़ी देर बाद वह युवक दोबारा आए।
उनमें से एक युवक ने ओमप्रकाश को गिरा दिया और दूसरा उनकी जेब से रुपये निकालने लगा। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद जेब और गल्ले से करीब सात हजार रुपये निकाल लिए।
साथ ही जाते समय ओमप्रकाश को दुकान के अंदर करके शटर बंद करके फरार हो गए। घायल हालत में ओमप्रकाश ने अपने बेटे दीपक को फोन करके पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। दीपक ने आकर उन्हें बाहर निकाला और सिविल अस्पताल में दाखिल कराया।