देखिए, एक बहुत बड़े बिजनेसमैन को ऐसा क्या सूझा कि उसने अपनी पत्नी, 18 साल के बेटे और 15 साल की बेटी को गोली मार दी।
मामला पंजाब के लुधियाना का है, जहां मॉडल टाउन एक्सटेंशन में वीरवार सुबह लोहा कारोबारी जगमीतपाल सिंह उर्फ राजा (45) ने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी को गोली मार दी। तीनों को गोली मारने के बाद जगमीत ने आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब जगमीत का ड्राइवर गाड़ी की चाबी लेने के लिए आया।
अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो ड्राइवर ने जगमीत की मां महिंदर कौर को बताया। उन्होंने खिड़की तोड़ कर अंदर से कुंडी खोली तो सभी लोग अंदर लहूलुहान पड़े हुए थे। उनके शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए।
जब लोग अंदर गए तो जगमीत, उसकी पत्नी जसप्रीत कौर खुराना (40) और बेटे जश्नदीप सिंह (18) की मौत हो चुकी थी वहीं जगमीत की बेटी बिसमिन (15) की सांसें चल रही थी। उसे तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार जगमीत पाल सिंह खुराना की फोकल प्वाइंट में शारू इंडस्ट्री और मिलरगंज में जीके आयरन स्टोर के नाम से लोहे का कारोबार है। मॉडल टाऊन एक्सटेंशन स्थित घर में जगमीत की पत्नी, बेटा, बेटी और उसकी मां महिंदर कौर रहती है। महिंदर कौर घर के नीचे वाले हिस्से में रहती है, जबकि बाकी परिजन घर के ऊपर वाले हिस्से में रहते हैं।