जर्मनी में एक युवक की अजीबोगरीब हरकत सामने आई है। इस शख्स की अजीब हरकत के बारे में जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। यहां एक शख्स जिंदा सांप अपनी पैंट में छिपाकर हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन उसके पैंट को देखकर ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, जर्मनी स्थित बर्लिन के श्नोफेल्ड हवाई अड्डे पर यह घटना साल 2018 के क्रिसमस ईव पर सामने आई थी जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बीते सोमवार को जर्मनी के पोट्सडैम कस्टम अधिकारियों द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार शख्स दुर्लभ प्रजाति के सांप की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। वह अपनी पैंट में सांप को छिपाकर लेकर जा रहा था।
कस्टम अधिकारियों का कहना है कि 43 वर्षीय शख्स उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह इजरायल जाने वाली फ्लाइट पर बैठने ही जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा अधिकारियों की निगाह उस पर पड़ी। सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने देखा कि शख्स के पैंट का आकार कुछ अजीब सा लगा, उन्हें लगा शख्स ने पैंट में कुछ छिपा रखा है।
कस्टम अधिकारियों ने शख्स की पैंट में उभार देखने के बाद उसकी तलाशी लेने का फैसला किया। जांच के दौरान पता चला कि शख्स ने अपनी पैंट में 40 सेंटीमीटर लंबा एक दुर्लभ प्रजाति का जिंदा बोआ कंस्ट्रिक्टर सांप एक कपड़े के छोटे से बैग में बांध कर ले जा रहा था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रोटेक्शन ऑफ सिटी पर वाशिंगटन कन्वेंशन के तहत सापों को संरक्षण प्राप्त है। सांपों का आयात और निर्यात, यूरोपियन यूनियन द्वारा नियंत्रित किया जाता है।