कंगाली से जूझ रहे पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को रिहा करने के दौरान भी अपनी गरीबी का उदाहरण पेश कर दिया है। दरअसल, पाक ने पायलट अभिनंदन को रिहा जरूर कर दिया लेकिन उसने अभिनंदन का पूरा सामान वापस नहीं किया।
आतंकियों का सुरक्षित अड्डा बना पाकिस्तान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की रिहाई करके शांति नोबेल पुरस्कार की मांग कर रहा है, हालांकि वह अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। विंग कमांडर अभिनंदन शुक्रवार को जब अटारी वाघा बार्डर से भारत में दाखिल हुए तो खाली हाथ और सिविल ड्रेस में थे, उनके हाथ में न कोई बैग था और न ही कोई अन्य सामान।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंगाली से जूझ रहे पाकिस्तान ने दबाव के बाद भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन को रिहा जरूर कर दिया, लेकिन उसने उनके पूरे सामान वापस नहीं किए। पाकिस्तान ने विंग कमांडर अभिनंदन की घड़ी, मोजे और चश्मे तो लौटा दिया, लेकिन उनकी पिस्टल, मैप और सर्वाइवल किट को वापस नहीं किया।
बता दें कि, अभिनंदन जब पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरे, तो स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया था। इस दौरान अभिनंदन ने अपनी पिस्टल से हवाई फायरिंग की थी। उनके पास पिस्टल थी और वो वायुसेना की यूनिफॉर्म में थे। इसके अलावा उनके पास अहम दस्तावेज भी थे, लेकिन उन्होंने दुश्मन के इलाके में पहुंचने पर उन्हें नष्ट कर दिया था।
हैंडओवर सर्टिफिकेट के मुताबिक, पाकिस्तान द्वारा विंग कमांडर अभिनंदन की घड़ी, मोजे और चश्मे को ही वापस किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि शुक्रवार को भारतीय पायलट अभिनंदन को पाकिस्तानी रेंजर्स के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट शहजाद फैजल ने बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेट संजय कुमार को सौंपा।