हाजीपुर में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपात सेवाओं को सूचना दी, जिसके बाद रेल पुलिस और स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
चालक को आईं गंभीर चोटें, पटना रेफर
इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से बरामद हुआ 10 किलो वजनी आईईडी बम; समय रहते किया गया डिफ्यूज
2 of 3
घटनास्थल पर जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, ट्रक हाजीपुर से छपरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई और वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक सीधे रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रक रेलवे लाइन पर नहीं गिरा, अन्यथा यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था और रेल परिचालन भी प्रभावित हो सकता था।
टली बड़ी त्रासदी
जिस स्थान पर ट्रक नीचे गिरा, वहां आमतौर पर लोग बैठते रहते हैं। लेकिन हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी मानवीय त्रासदी टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर यह हादसा व्यस्त समय में होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी।
3 of 3
घटनास्थल पर जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन सक्रिय, जांच में जुटे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही हाजीपुर के एसडीओ और एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने तत्काल राहत और जांच कार्य शुरू करवाया। ट्रक को मौके से हटाने की कवायद भी की जा रही है ताकि यातायात में बाधा उत्पन्न न हो।
यह भी पढ़ें- Crime: युवती को छत से उठा ले गए आरोपी, जंगल ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म; शिकायत करने पर परिजनों संग मारपीट
हाजीपुर थाना पुलिस ने ट्रक के मालिक से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक किन सामानों को लेकर कहां जा रहा था। पुलिस ने ट्रक की हालत और स्थान का निरीक्षण कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।