गया के शेरघाटी शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर शेरघाटी शहर के व्यवसायियों ने शनिवार को अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध मार्च निकाला। बताया जा रहा है कि शेरघाटी के मुख्य बाजार रमना मोड़ के पास शुक्रवार की अहले सुबह तकरीबन सात बजे कपूर ट्रेडर्स नामक तेल मिल में हथियारबंद अपराधियों ने लाखों रुपये के सामान समेत लाखों रुपये की डकैती की थी। उसी को लेकर आक्रोश जताते हुए शेरघाटी शहर के व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकान बंद कर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया है।
2 of 4
शेरघाटी में व्यवसायियों ने निकाला आक्रोश मार्च
- फोटो : अमर उजाला
इधर, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन किशोर ने बताया कि शेरघाटी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से शहर के लोग काफी भयभीत हैं। पुलिस लाचार और व्यस्त दिख रही है, जिससे लोगों का सड़क पर घूमना भी काफी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि लगातार दो महीने से हो रही इस प्रकार की घटनाओं से लोगों में काफी भय का माहौल बना हुआ है। इस वजह से लोग अपने कार्य बेहतर तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई के बदले अपने हाथ पर हाथ रखकर सोई हुई है।
3 of 4
शेरघाटी में व्यवसायियों ने निकाला आक्रोश मार्च
- फोटो : अमर उजाला
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इन दिनों लगातार शहर के अलग-अलग इलाकों में लूट, छिनैती समेत सीएसपी संचालक से लूट की घटना, शेरघाटी व्यवहार न्यायालय परिसर में अपराधियों द्वारा गोलीकांड किए जाने समेत तमाम प्रकार की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल के दिनों में ही एयरटेल कर्मी को गोली मार कर 14 लाख रुपये लूट कर भागने समेत कई प्रकार की घटनाएं हुई हैं। लेकिन पुलिस इस पर कड़ा एक्शन नहीं ले रही है, जिससे शहर वासियों में काफी भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन लाचार दिख रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर हम सब शहर वासियों की मांग है कि शहर में दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस ओपी की स्थापना की जाए, जिससे अपराधियों पर नकेल कसी जाए।
4 of 4
शेरघाटी में व्यवसायियों ने निकाला आक्रोश मार्च
- फोटो : अमर उजाला
मार्च में शामिल सभी लोगों ने अपनी-अपनी बातें बताईं और हामी भरी। आक्रोश मार्च की शुरुआत शहर के जेपी चौक से की गई और लोगों ने अपने-अपने हाथों में काली पट्टी लगाकर विरोध किया। यह मार्च शहर के जेपी चौक से शुरू हुआ और मुख्य मार्ग से थाना गेट के पास जाकर रुका, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई। मार्च के दौरान शेरघाटी डीएसपी के खिलाफ हाथों में तख्ती लेकर लोगों ने विरोध जताया। इस आक्रोश मार्च में शेरघाटी विधायक मंजू अग्रवाल, संतोष गुप्ता, जयंत कुमार सिंह, बृजनंदन सिंह, संतोष गुप्ता, दीनानाथ पांडे, प्रमोद वर्मा, राजेश सिंह, रामबदन सिंह, आबिद इमाम, मोहम्मद अबरार, अमित अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुरलीधर अग्रवाल, टना अग्रवाल और मनोज अग्रवाल के अलावा हजारों की संख्या में व्यवसायी वर्ग के लोग उपस्थित रहे।