दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स और माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर 64 वर्षीय बिल गेट्स ने सुपरयाट (Super yacht) खरीदी है। जिसकी खासियत है कि यह लिक्विड हाइड्रोजन से चलती है। इस सुपरयाट की कीमत चौंकाने वाली हैं। तकरीबन 4600 करोड़ की कीमत वाली इस याट को गेट्स ने छुट्टियां बिताने के लिए खरीदा है। जानते हैं इस याट के फीचर्स के बारे में...
बिल गेट्स ने खरीदी 4600 करोड़ की कीमत वाली सुपर लग्जरी याट, इसके फीचर उड़ा देंगे होश!
45 लोगों के रहने की जगह
लगभग 370 फीट लंबी इस Aqua याट में पांच डेक हैं, इसमें 14 मेहमान और 31 क्रू मेंबर्स, एक जिम, एक योगा स्टूडियो, ब्यूटी रूम, मसाज पार्लर और स्वीमिंग पूल के लिए जगह दी गई है। डेलीमेल की रिपोर्ट के मुताबिक इसमें 28 टन के दो वैक्यूम सील्ड टैंक लगे हैं, जो माइनस 253 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर याट के ऊर्जा देने के लिए हाइड्रोजन भरी जा सकती है।
पहले गेट्स किराए पर लेते थे बोट्स
गेट्स इससे पहले छुट्टियां बिताने के लिए किराए पर बोट्स लेते थे। उनकी यह नई याट 2024 तक ही बन कर तैयार होगी। हाइड्रोजन होने की वजह से यह केवल पानी का ही उत्सर्जन करेगी और इको फ्रेंडली होगी। याट के पिछले हिस्से में सनबाथ या स्विमिंग के लिए एक लोअर लॉन्ज एरिया दिया है। वहीं ऊपरी हिस्से में आउटडोर डाइनिंग के लिए एंटरटेनिंग स्पेस दिया गया है। याट में ठंडी रातों को गर्म रखने के लिए कोयले या लकड़ी का इस्तेमाल नहीं होगा, बल्कि जेल-फ्यूल्ड फायर बॉल्स इस्तेमाल की जाएंगी।
समुद्र से जुड़ा पूल
वहीं पीछे की डेक में एक ऐसा खास पूल दिया गया है, जो सीधे समुद्र से जुड़ा हुआ है। वहीं 14 लोगों के मनोरंजन के लिए इसमें होम सिनेमा भी दिया गया है। यह सुपरयाट का अभी फिलहाल डिजाइन कॉन्सेप्ट ही बनाया गया है। जिसे पिछले साल 25 से 28 सितंबर तक पोर्ट हरक्यूलिस में चले मोनैको याट शो में पेश किया गया था।
एक बार में 6437 किमी की दूरी
यह सुपरयाट एक बार लिक्विड हाइड्रोजन फुल भरने पर तकरीबन 6437 किमी यानी 3750 मील (17 नॉट) की दूरी तय कर सकती है। यानी पूरा अटलांटिंक क्रॉस कर न्यू यार्क से साउथहैंपटन तक पहुंच सकती है। एक्वा सुपरयाट की रफ्तार करीब 32 किलोमीटर प्रति घंटा है, इसके अंदर चार गेस्ट रूम, दो वीआईपी स्टेट रूम और एक पवेलियन दिया गया है। इसका अगला हिस्सा बुलबुले की शेप का है, यहां से 360 डिग्री का व्यू मिलेगा।