भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को उन्हीं की सरजमीं पर पटखनी देते हुए 5-0 से सीरीज जीती है। मैन ऑफ द सीरीज चुने गए जसप्रीत बुमराह को उनकी शानदार परफॉर्मेंस के लिए Polaris Multix गाड़ी तोहफे के रूप में दी गई। अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी Polaris की Multix एक 3-इन-1 पर्सनल यूटीलिटी व्हीकल है जिसका इस्तेमाल ना सिर्फ परिवार के साथ घूमने के लिए बल्कि भारी-भरकम सामान ले जाने के लिए भी किया जा सकता है।
हमेशा से कार और बाइक्स के शौकीन रहे भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी इस गाड़ी को चलाने का लुत्फ उठाया। उन्होंने 5-सीटर व्हीकल में टीम के 11 खिलाड़ियों को बैठाकर पूरे मैदान में घुमाया। पोलारिस मल्टिक्स को चलाते एमएस धोनी की तस्वीरें और वीडियो काफी वायरल हुई हैं।
पोलारिस मल्टिक्स के फीचर्स
Polaris Multix एक 3-इन-1 यूटीलिटी व्हीकल या कहें तो मिनी ट्रक है, जिसमें कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 5 सवारी आराम से बैठ सकती हैं, इसके अलावा पीछे की तरफ भारी सामान लोड करने की भी सुविधा है। पीछे वाली सीटों को फोल्ड भी किया जा सकता है।
पोलारिस मल्टिक्स का इंजन
इसमें 4-स्ट्रॉक, डायरेक्ट-इंजेक्शन BS III डीजल इंजन दिया गया है। गाड़ी 28.45 किमी/ली. का माइलेज देती है। इसका इस्तेमाल पावर जेनरेटर के रूप में भी किया जा सकता है। यह 3KW की इलेक्ट्रीसिटी जेनरेट कर सकती है जो एक सामान्य रूप से घर की बिजली के लिए पर्याप्त है।
पोलारिस मल्टिक्स की कीमत
इस मिनी ट्रक के दो वैरिएंट AX + और MX हैं। AX + की कीमत 2.78 लाख रुपए और MX वैरिएंट की कीमत 3.41 लाख रुपए है।