घर की दीवारों की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाली फोटो भी कभी आपकी परेशानी का सबब बन सकती हैं, यह आपने कभी सोचा भी न होगा। लेकिन अब जरूर ध्यान दीजिए क्योंकि दीवार पर लगी कोई भी तस्वीर यदि वास्तु के अनुसार न लगी हो तो उसका आपके जीवन पर सकारात्मक या नकारात्मक प्रभाव जरूर पड़ता है। फिर चाहे वह आपके ड्राइंग रूम में लगी पेंटिंग हो या फिर बेड रूम में लगी फेमिली फोटो। वास्तुशास्त्र के अनुसार कई ऐसी तस्वीरें हैं जिनके लगाने से आपके घर में नकारात्मक ऊर्जा का वास हो जाता है और परेशानियां बढ़ने लगती हैं। तो आइए जानते हैं कि आखिर किन तस्वीरों से दुर्भाग्य और किन तस्वीरों से सौभाग्य जगता है —
तस्वीर से जुड़ी हैं इंसान की तकदीर, जानें किन फोटों को लगाने से तबाह हो जाती हैं खुशियां
तीन सदस्यों के साथ वाली फोटो न लगाएं
अमूमन हम अपने परिजनों की याद को संजोए रखने के लिए उनकी फोटो को दीवारों पर लगाते हैं। ऐसे फोटो लगाते समय फेंगशुई के नियम के अनुसार ध्यान देने की जरूरत है। ऐसी फोटो लगाते समय हमेशा ध्यान रखें कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों वाली फोटो कभी दीवार पर न लगाएं। फेंगशुई के अनुसार घर में तीन लोगों का फोटो लगाना शुभ नहीं माना जाता है। ऐसे ही तीन दोस्तों की फोटो को भी दोस्ती में दरार पड़ने वाला माना गया है।
बहते झरने की तस्वीर
किसी पहाड़ से गिरता हुआ झरना भले ही आपको खूबसूरत प्रतीत हो लेकिन ऐसी तस्वीर को घर में लगाना अशुभ साबित हो सकता है। वास्तुविदों की मानें तो ऐसी तस्वीरों से धन भी बिखर यानि फालतू खर्च हो सकता है। मान्यता है कि जिस तरह पानी बहता है उसी तरह से घर से पैसा बहने लगता है।
हर कमरे में न लगाएं भगवान की तस्वीरें
अमूमन लोगों की आदत होती है कि वह घर के हर कोने में ईश्वर की तस्वीरें लगा देते हैं। यहां तक की घर की बाउंड्री वाल पर भी। वास्तुशास्त्र के अनुसार ऐसा करना बिल्कुल उचित नहीं होता है। ऐसा करने से लाभ की बजाए हानि की अंदेशा बढ़ जाता है। ईश्वर की तस्वीरों के लिए एक उचित और पवित्र स्थान बनाएं और नियमित रूप से पूजा-प्रार्थना के जरिए उसे जागृत करें।
डूबते सूर्य की तस्वीर
किसी भी पहाड़ी या समुद्र किनारे भले ही सनसेट खूबसूरत दिखता हो लेकिन घर में उसकी तस्वीर भूलकर भी न लगाएं। आम जीवन में डूबता हुआ सूर्य कभी शुभ संकेत देने वाला नहीं माना जाता है। ऐसी तस्वीरें आशा की बजाए निराशा और उन्नति के बजाए अवनति की ओर ले जाती हैं।