Mercury Transit In Cancer 2021: शुभ ग्रह बुध 25 जुलाई को दोपहर 11 बजकर 38 मिनट पर मिथुन राशि की यात्रा समाप्त करके चंद्र की राशि कर्क में प्रवेश कर रहे हैं। इस राशि में 9 अगस्त की मध्यरात्रि तक गोचर करेंगे उसके बाद सिंह राशि में प्रवेश कर जाएंगे। कर्क राशि में गोचर करते समय ये अपने आपको असहज महसूस करते हैं इसलिए जिन जातकों की जन्म कुंडलियों में ये केंद्र अथवा त्रिकोण में गोचर कर रहे होंगे उन्हें अपने कार्य-व्यापार बहुत सोच विचार कर निर्णय करने होंगे अपनी वाणी पर भी नियंत्रण रखते हुए कटु बोलने से बचना पड़ेगा। जिनके लिए अशुभ भाव में भ्रमण कर रहे होंगे उनके लिए उतने नुकसानदेय नहीं रहेंगे। मिथुन एवं कन्या राशि के स्वामी बुध कन्या राशि में उच्चराशि तथा मीनराशि में नीचराशिगत संज्ञक माने गए हैं। इनके राशि परिवर्तन का अन्य राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
Mercury Transit: बुध का कर्क राशि में प्रवेश किन राशियों के लिए रहेगा वरदान, जानिए 12 राशियों पर प्रभाव
मेष राशि
राशि से चतुर्थ सुख भाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव सामान्य ही रहेगा। किसी न किसी कारण से पारिवारिक कलह का सामना करना पड़ सकता है किंतु मकान-वाहन के क्रय का योग बनेगा। जमीन जायदाद से जुड़े अन्य मामलों का भी निपटारा होगा। मित्रों तथा संबंधियों से अप्रिय समाचार प्राप्ति के योग। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें कोई भी कार्य जबतक पूर्ण न कर लें उसे सार्वजनिक न करें। कार्यक्षेत्र में षड्यंत्र का शिकार होने से बचें।
वृषभ राशि
राशि से तृतीय पराक्रम भाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव अच्छा ही कहा जाएगा। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा भाइयों से सहयोग मिलेगा। साहस और पराक्रम की वृद्धि होगी। एक बार जो ठान लेंगे उसे पूरा करके ही छोड़ेंगे। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए आवेदन करना सफल रहेगा। अपनी ऊर्जाशक्ति तथा कार्य क्षमता का पूर्ण सदुपयोग करें और उच्चाधिकारियों से संबंध बिगड़ने न दें। भावनाओं में बहकर निर्णय लेंगे तो नुकसान में रहेंगे।
मिथुन राशि
राशि से द्वितीय धन भाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव बेहतरीन सफलता वाला रहेगा। कार्य योजनाओं को गोपनीय रखते हुए अपनी जिद्द एवं आवेश पर नियंत्रण रखते हुए कार्य करेंगें तो अधिक सफल रहेंगे। काफी दिनों का दिया गया धन भी वापस मिलने की उम्मीद। मित्रों तथा संबंधियों से भी सहयोग प्राप्त होगा। जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए परिणाम और भी सुखद रहेगा।
कर्क राशि
आपकी राशि में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव काफी मिलाजुला रहेगा। किसी न किसी कारण से मानसिक अशांति रहेगी किंतु कार्यक्षेत्र में सफलता मिलती रहेगी। इस अवधि के मध्य किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में न दें अन्यथा आर्थिक हानि हो सकती है। मकान अथवा वाहन के भी क्रय का योग। शादी- विवाह संबंधित वार्ता सफल रहेगी। संतान संबंधी चिंता से मुक्ति मिलेगी। नव दंपत्ति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग।