ज्योतिष शास्त्र में मंगल ग्रह को साहस, पराक्रम, क्रोध, सैन्य शक्ति, जमीन एवं लाल रंग का कारक माना जाता है। यह मेष और वृश्चिक राशि का स्वामी है। मई के पहले सप्ताह में 4 तारीख मंगल ग्रह मकर राशि से कुंभ राशि में प्रवेश करेगा और कुंभ राशि में यह 18 जून 2020 तक रहेगा। मंगल ग्रह के इस गोचर का प्रभाव आप सभी के ऊपर सकारात्मक या नकारात्मक रूप से पड़ेगा। आइए जानते हैं आपकी राशि पर मंगल के गोचर का प्रभाव।
मेष राशि
मंगल का गोचर आपके लाभ एकादश भाव में होगा जिसके कारण आपके लाभों में इजाफा होगा। आप अपनी योजनाओं को सही रूप से चलाएंगे तो पिछले दिनों के हुए नुकसान की भरपाई हो जाएगी। इन सबके बावजूद बड़े भाइयों से मतभेद बढ़ सकता है। व्यापारिक वर्ग के लिए यह गोचर और भी बेहतर रहेगा। नौकरी के लिए आवेदन करें, सफलता मिलने की संभावना है।
वृष राशि
आपके दशम भाव में मंगल आपको कार्यक्षेत्र में कामयाबी दिलाएगा। नौकरी में पदोन्नति एवं नए अनुबंध की प्राप्ति के भी योग बनाएगा किंतु स्वभाव के कारण पारिवारिक कलह से मानसिक पीड़ा बढ़ सकती है। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें, भूमि भवन एवं अचल संपत्ति का योग है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी एवं कार्यक्षेत्र का विस्तार भी होगा।
मिथुन राशि
भाग्य भाव में मंगल कई तरह के अप्रत्याशित परिणाम दिलाएगा, विदेशी व्यक्तियों से संपर्क बढ़ेगा। इस अवधि के मध्य सभी निर्णय दिल की बजाए दिमाग से लें। पराक्रम की वृद्धि तो होगी किंतु, परिवार के बड़े सदस्यों अथवा बड़े भाइयों से मतभेद न पैदा होने दें। झगड़े विवाद से बचें, यात्रा सावधानीपूर्वक करें।
कर्क राशि
आपके अष्टम भाव में मंगल आपको प्रतापी एवं आक्रामक बनाएगा। कार्यक्षेत्र में झगड़े विवाद से बचें। साथ ही स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं। कोर्ट कचहरी के मामले बाहर ही सुलझा लें तो बेहतर रहेगा। इस अवधि में अप्रत्याशित रुप से धन हानि की संभावना भी बन रही है। अतः लेन-देन के मामलों में भी सावधानी बरतें।