बरेली: दबंगों ने घर में घुसकर किशोरी को उठाया, किया गैंगरेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में बरेली के थाना इज्जतनगर के एक गांव में पड़ोस के ही दो दबंग लड़के किशोरी को घर से उठाकर ले गए और खंडहर में उसके साथ गैंगरेप किया। अगले दिन आरोपियों ने घर में अकेला पाकर किशोरी का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किशोरी के पिता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन अभी तक कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। घटना रविवार की रात करीब एक बजे की है। किशोरी के पिता ने बताया कि वह आंगन में सोया हुआ था। उनकी 14 वर्षीय बेटी कमरे में सो रही थी।
गांव के ही असलम ठेकेदार का बेटा शाहरुख और उसका दोस्त नसरुद्दीन उर्फ नन्हे उनके घर में घुस आए। वे असलाह के बल पर उनकी बेटी को घर से उठाकर पड़ोस के खंडहर में ले गए। दोनों ने बेटी को धमकाकर गैंगरेप किया। पड़ोस में ही उनके साढू का घर है। वह बिजली न होने के कारण छत पर सो रहे थे। उन्होंने छत से आवाज दी तो गैंगरेप के आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसे छोड़कर भाग गए।
आरोपियों के घर शिकायत करने गए तो डांटकर भगाया
अगले दिन किशोरी के पिता आरोपियों के परिवार वालों से शिकायत करने पहुंचे तो उल्टे उन्हें हड़काकर भगा दिया गया। सोमवार को शाम करीब चार बजे किशोरी की मां गांव में स्थित अपने मायके गई थी। उसके पिता पुताई का काम करते हैं। वह भी काम करने के लिए घर से निकले हुए थे।
घर में किशोरी अकेली थी। उसके छोटे भाई बहन घर से बाहर बैठे हुए थे। आरोप है कि शाहरुख और नसरूद्दीन किशोरी के घर में घुस आए। उन्होंने किशोरी का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। किशोरी को आरोपी मरा समझकर भाग गए।
सूचना पर पिता ने किशोरी को मुंशीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक गले पर रस्सी से दबाए जाने जैसा निशान है। मंगलवार को तीसरे दिन किशोरी के पिता ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के साथ हुई गैंगरेप की घटना का मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है। किशोरी के होश में आने के बाद ही उसका मेडिकल होगा।