{"_id":"5af078a14f1c1bed778b71e3","slug":"government-hospital-storekeeper-arrested-for-charging-a-bribe-in-kolkata","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोलकाता में रिश्वत मांगने के आरोप में सरकारी अस्पताल का कर्मचारी गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
कोलकाता में रिश्वत मांगने के आरोप में सरकारी अस्पताल का कर्मचारी गिरफ्तार
ब्यूरो, अमर उजाला, कोलकाता
Updated Mon, 07 May 2018 09:32 PM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
मरीज के परिजनों से रिश्वत मांगने के आरोप में पुलिस ने महानगर के एक सरकारी अस्पताल के स्टोरकीपर को गिरफ्तार कर लिया है। वह मुफ्त स्टेंट मुहैया कराने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरा करने के लिए तीन लाख रुपये रिश्वत मांग रहा था। दिमागी नसों में सूजन की बीमारी से पीड़ित मरीज की बीते 27 अप्रैल को मौत हो गई थी। पुलिस ने यहां सोमवार को इस बात की जानकारी दी।
विज्ञापन
23 साल के अमित मंडल बीते 25 जनवरी को यहां बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस में दाखिल कराया गया था। उसके बाद मुफ्त स्टेंट पाने की कागजी कार्रवाई तीन महीने से भी ज्यादा खिंचती रही। अस्पताल के स्टोरकीपर पलाथ दत्त ने कथित रूप से मंडल परिवार से कागजी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के लिए तीन लाख रुपये मांगे थे। उसकी दलील थी कि सात लाख रुपये का स्टेंट मरीज को मुफ्त मिल जाएगा।
विज्ञापन
ध्यान रहे कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों को स्टेंट मुफ्त मिलता है। लेकिन अगर उसकी कीमत चार लाख से ज्यादा हुई तो फाइल को मंजूरी के लिए स्वास्थ्य भवन भेजना पड़ता है। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंडल परिवार की शिकायत के आधार पर अभियुक्त को बीते शनिवार की रात को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
मरीज के पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि दत्त ने फाइल को मंजूरी के लिए स्वास्थ्य भवन नहीं भेजा था। उन्होंने दत्त के खिलाफ अपनी पत्नी से दुर्व्यवहार करने व मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। अस्पताल ने शिकायत की प्राथमिक जांच करने के बाद उसे पहली मई को भवानीपुर थाने में भेज दिया था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के अलावा कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक स्थानीय अदालत ने उसे एक दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।