इलाहाबाद: दिवाली की शाम गोली मारकर शिक्षक की हत्या, भीड़ ने जलाई कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद में दिवाली की शाम यमुनापार के मेजा इलाके में कार सवार बदमाशों ने कहासुनी के बाद सरकारी स्कूल के शिक्षक नरेंद्र शुक्ला (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। ग्रामीणों के घेरने पर हमलावर कार छोड़कर पैदल भाग गए जिसके बाद लोगों ने कार तोड़कर आग लगा दी।
खबर पाकर कई थानों की पुलिस के साथ अफसर मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। वारदात से दीवाली पर शिक्षक के घर में कोहराम मच गया। आशंका है कि कत्ल पुरानी रंजिश की वजह से हुआ।
ये भी पढ़ें- RSS नेता को गोली मारने के बाद यहां छोड़ गए थे बाइक, इस नाम से है रजिस्टर्ड
परानीपुर गांव निवासी शिक्षक नरेंद्र शुक्ला की तैनाती मेजा में ही पंदरिया प्राथमिक विद्यालय में थी। नरेंद्र के पिता सत्यनारायण शुक्ला का भी 1982 में कत्ल हुआ था। उनके बड़े भाई अमरेंद्र शुक्ला जिला अदालत में वकालत करते हैं। उन्होंने गांव में ही स्कूल खोल रखा है।
बृहस्पतिवार देर शाम करीब साढे़ छह बजे शिक्षक नरेंद्र बडे़ भाई के स्कूल के सामने खड़े थे तभी पड़ोसी गांव के कुछ लोग कार में वहां आए। वे कार से उतरकर नरेंद्र के पास गए। उनके बीच कहासुनी होने लगी। तभी अचानक उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकालकर नरेंद्र पर फायर कर दिया।
सिर में गोली लगने के बाद नरेंद्र गिरे तो हमलावर भागने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ाया तो हमलावर कार छोड़कर भाग गए। लोगों ने कार तोड़ने के बाद आग लगा दी। वारदात से गांव में खलबली मच गई है।
ये भी पढ़ें- कार रोकी, बहस हुई और 62 साल की पत्नी के सिर में उतार दीं 6 गोलियां
मृतक के बड़े भाई अमरेंद्र शुक्ला समेत परिवार के लोगों ने नरेंद्र को उठाकर पहले सीएचसी रामनगर ले गए, वहां से डॉक्टरों ने रेफर किया तो शहर में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
फिलहाल आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। दीवाली पर इस वारदात से शिक्षक के परिवार और रिश्ते में कोहराम मच गया। नरेंद्र की पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।