RSS नेता रविंदर गोसाईं की हत्या करने वाले हमलावर इस बाइक पर आए थे। गोली मारने के बाद इस बाइक को देखिए कहां छोड़ गए। तस्वीरें
2 of 7
RSS leader shot dead in Ludhiana
लुधियाना के कैलाश नगर की गगनदीप कालोनी में रहने वाले आरएसएस नेता रविंदर गोसाईं की हत्या मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। रविंदर गोसाईं की हत्या करने में आरोपियों ने जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था वह पुलिस ने बुधवार सुबह बरामद कर लिया है।
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक को लाडोवाल के पास स्थित गांव मज्जफग्गूवाल की झाड़ियों में खड़ा कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने आरएसएस नेता की हत्या करने की वारदात को अंजाम देकर बाइक यहां पर खड़ा किया और किसी दूसरे वाहन पर फरार हो गए। बाइक मिलने की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ध्रुमण निंबले, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस क्राइम गगनअजीत सिंह के साथ पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने वहां डॉग स्कवायड की टीम और फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट को बुला कर जांच की। पुलिस ने बाइक के आसपास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने जिस बाइक को बरामद किया है उस पर पीबी-10-सीयू-7223 नंबर लगा है। पुलिस इस नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की फिराक में है, लेकिन बताया जा रहा है कि बाइक पर लगा नंबर जाली है। पुलिस इस मामले में जांच करने में जुटी है।
लाडोवाल के पास बुधवार सुबह नेशनल हाईवे नंबर एक पर सड़क हादसा हुआ था। थाना लाडोवाल प्रभारी घटनास्थल पर गए थे। वहां से वापस जाते समय किसी व्यक्ति ने उन्हें बताया कि एक संदिग्ध बाइक झाड़ियों में खड़ा है। वह बाइक वैसा ही दिखता है जैसा रविंदर गोसाईं की हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया है। थाना लाडोवाल प्रभारी वहां पहुंचे तो बाइक देखकर उन्होंने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की गाड़ियां वहां पर पहुंच गईं। पुलिस बाइक पर लगे नंबर और सीसीटीवी कैमरे में आए बाइक के नंबर की जांच कर रही है।