दलित किशोरी को बंधक बनाकर 3 दिन तक रेप
- दूसरे गांव के दबंग पर दलित किशोरी से रेप का आरोप
- दबंग ने पहले किशोरी को अगवा किया फिर 3 दिन रेप
- शौच के लिए घर से निकली थी किशोरी, तभी हुई अगवा
- परिवार समेत आरोपी फरार, पुलिस को घर में मिला ताला
विस्तार
शाम ढलते ही अंधेरा गहराया तो वो खेत की तरफ निकल गई। उसे क्या पता था कि पांस के गांव का ही पिता की उम्र का शख्स उसी की ताक में बैठा है। हवस के अंधे अधेड़ ने शौच के लिए गई किशोरी को अगवा किया और ऐसी जगह ले गया जहां से बच्ची की चीखें कोई सुन न सके। उसे बचाने के लिए कोई आ न सके। तीन दिन तक किशोरी का बलात्कार किया गया। कैसे भी पीड़िता उसके चंगुल से छूटी तो सीधे घर की ओर दौड़ी।
बेहद घिनौनी करतूत को यूपी के शाहजहांपुर के मदनापुर में अंजाम दिया गया। आरोप है कि दबंग परिवार के एक शख्स ने दलित किसान की नाबालिग बेटी को अगवा कर तीन दिन तक अपने घर में बंधक बनाकर रेप किया।
मंगलवार को उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची किशोरी ने आपबीती सुनाई। पीड़िता के घरवालों ने दबंग के खिलाफ थाने जाकर नामजद तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो और एससीएसटी एक्ट के तहत रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी लेकिन वहां ताला लगा मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी परिवार समेत गांव छोड़कर फरार हो गया है।
किशोरी की मां की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक उसकी 14 वर्षीय बेटी गांव के जूनियर हाईस्कूल में आठवीं की छात्रा है। 13 मार्च यानी रविवार की शाम करीब सात बजे उसकी बेटी शौच के लिए खेत की तरफ गई थी।
'जान से मारने की धमकी देकर करता था रेप'
तहरीर के मुताबिक उसी दौरान पास के गांव सुजाबलपुर का रहने वाला 45 वर्षीय बांटू यादव उसे उठा ले गया और उसे अपने घर के पड़ोस में बंद पड़े एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया।
लड़की को उसने तीन दिन तक इसी घर में रखा और इस दौरान कई बार उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर वह लड़की को जान से मारने की धमकी देता था।
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह बांटू घर से कहीं निकला तभी मौका देखकर उसकी बेटी वहां से भाग निकली। अपने घर पहुंचकर परिवार वालों को सारा वाकया बताया। तीन दिन से उसकी तलाश में जुटे परिवार वाले उसकी आपबीती सुनने के बाद उसे साथ लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। एसओ परवेज सिंह ने बताया कि किशोरी के गायब होने के बाद परिवार वालों ने थाने में कोई सूचना नहीं दी थी। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।