Maharashtra: शिंदे बोले- पंढरपुर का विकास स्थानीय लोगों की सलाह से होगा; अश्लीलता करने पर प्रेमी युगल पर FIR
मुख्मयंत्री शिंदे ने कहा है कि पंढरपुर का विकास स्थानीय निवासियों की सलाह के बाद ही किया जाएगा। नागपुर में कार में अश्लीलता करने वाले प्रेमी युगल के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
विस्तार
स्थानीय लोगों से सलाह के बाद ही पंढरपुर का विकास होगा: एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि पंढरपुर का विकास स्थानीय निवासियों की सलाह के बाद ही किया जाएगा। कोई फैसला जबरदस्ती नहीं लिया जाएगा।
पंढरपुर में आषाढ़ एकादशी पर भगवान विट्ठल की पूजा के लिए लाखों भक्त हर साल यहां पर आते हैं। परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री शिंदे और उनकी पत्नी भी हर साल यहां पूजा करती हैं।
सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, '’पंढरपुर यात्रा इस बार बड़े उत्साह के साथ आयोजित की जा रही है। हमारे भाई-बहन पिछले साल से ज्यादा यहां आए हैं। सरकार और जिला प्रशासन ने उनके लिए व्यवस्था की है। आज मैं हमारे वारकरी समुदाय के लोगों से मिला और उन्होंने अपनी खुशी व्यक्त की, जो उनके चेहरे पर दिखाई दे रही थी।"
Nagpur: अश्लीलता करने और लापरवाही से गाड़ी चलाने पर प्रेमी युगल के खिलाफ FIR
नागपुर में आपत्तिजनक स्थिति में कार चलाने के मामले में 28 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट और उसकी प्रमिका के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें वह गाड़ी में अश्लीलता करते नजर आ रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद सीताबर्डी पुलिस ने दोनों को मंगलवार को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन बाद में जमानत पर दोनों को रिहा कर दिया गया।
‘माजी लड़की बहिन' योजना के तहत लातूर में 81,000 से ज्यादा आवेदन प्राप्त
लातूर जिला प्रशासन को महाराष्ट्र सरकार की "माजी लड़की बहिन" योजना के तहत अब तक 81,225 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को अधिकारियों ने इसकी जानकादी दी है। इस योजना के तहत महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये महीने का मासिक भत्ता दिया जाएगा।
बंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को 17 जुलाई को पंढरपुर में आषाढ़ी एकादशी उत्सव के लिए श्रद्धालुओं के जुटने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए सभी उपाय करने के निर्देश दिए।
मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति अमित बोरकर की खंडपीठ ने अधिकारियों से पंढरपुर आने वाले 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ साफ-सफाई, अस्थायी आश्रय और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यक व्यवस्था करने के लिए भी कहा है।
महाराष्ट्र सरकार ने प्रतिकूल मौसम से प्रभावित किसानों को 2 साल में 15,000 करोड़ रुपये की सहायता दी: CM
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले दो सालों में मौसम की मार झेल रहे किसानों को 15,000 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है।
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोलते हुए उन्होंने यह भी कहा कि वह सतारा जिले में अपने गांव तक यात्रा करने के लिए सड़क मार्ग से यात्रा करने के बजाय हेलीकॉप्टर का उपयोग करना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से यात्रा करने पर 10 घंटे लगते हैं। इस तरह समय बचाकर वह ज्यादा काम कर पाते हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत गुट) की राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को पुणे के मोदीबाग इलाके का दौरा किया। इसी इलाके में एनसीपी (एसपी) संस्थापक शरद पवार का घर है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्होंने पति अजीत पवार के चाचा शरद से मुलाकात की है। एनसीपी पदाधिकारी सूरज चव्हाण ने कहा कि सुनेत्रा पवार आज उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की बहन से मिलने मोदीबाग गईं। मोदीबाग पुणे की सबसे प्रतिष्ठित आवासीय परियोजनाओं में से एक है।
इससे पहले अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके एक दिन बाद ही सुनेत्रा यहां पहुंचीं। इसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। इस बीच भुजबल ने कहा कि शरद पवार पवार परिवार के सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं। इसलिए अगर उन्होंने उनसे मुलाकात की है, तो मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है।
मुंबई में मुहर्रम पर ताजिया का जुलूस निकला
मुंबई के डोंगरी इलाके में शिया समुदाय के लोगों ने मुहर्रम पर ताजिया का जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुलूस में पहुंचे। वहीं त्योहार को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाबल भी मौजूद है।