Ujjain: महाकाल लोक के सेकेंड फेज का भूमिपूजन, सीएम ने मजदूरों-शिल्पकारों का किया सम्मान, साथ में भोजन भी किया
मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकाल लोक के सेकेंड फेज का सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भूमिपूजन किया। शिवराज ने मजदूरों और शिल्पकारों का रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मान किया। साथ ही उनके साथ में भोजन भी किया।
विस्तार
सीएम शिवराज सिंह चौहान मंगलवार दोपहर उज्जैन पहुंचे। इस दौरान हेलीपैड पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव और सांसद अनिल फिरोजिया सहित बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम कालिदास अकादमी में आयोजित महाकाल लोक आयोजन समिति की आभार बैठक में शामिल हुए। यहां मुख्यमंत्री ने समिति सदस्यों और साधु-संतों सहित आम जनों से सुझाव लिए। साथ ही साधु-संतों और सदस्यों का स्वागत किया।
बैठक में शामिल होने के बाद सीएम शिवराज ने महाकाल लोक के सेकेंड फेज के कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि महाकाल लोक के संचालन के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। यहां महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मैं देश के प्रमुख लोगों को पत्र और प्रसाद भेजकर महाकाल लोक देखने का आमंत्रण दे रहा हूं।
मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj ने श्री महाकाल लोक के प्रथम चरण के सफल लोकार्पण के उपरांत आज उज्जैन के कालिदास अकादमी के संकुल भवन में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ विचार विमर्श एवं आभार बैठक में सहभागिता की। इस अवसर पर मंत्री श्री @DrMohanYadav51 भी उपस्थित रहे। pic.twitter.com/PxgO3nIyjD
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) October 18, 2022
वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल लोक में काम करने वाले मजदूरों का सम्मान किया। सीएम ने त्रिवेणी संग्रहालय में सभी मजदूरों को रुद्राक्ष की माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही मजदूरों और शिल्पकारों को भोजन परोसकर उनके साथ खाना भी खाया। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉक्टर मोहन यादव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj ने उज्जैन में श्री महाकाल लोक परियोजना के द्वितीय चरण अंतर्गत लगभग 11.36 करोड़ रुपये की लागत के मेघदूत वन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री श्री @DrMohanYadav51 जी एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। pic.twitter.com/yQfWv6Iuot
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) October 18, 2022
बताते चलें, 11 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल लोक का लोकार्पण कर इतिहास में एक और अध्याय जोड़ दिया। पीएम मोदी द्वारा महाकाल लोक का लोकार्पण करने के बाद इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया, जिससे अब श्रद्धालु आकर महाकाल लोक का दर्शन कर रहे हैं।
