टीकमगढ़: गरीबों के गेहूं में हेराफेरी पर बड़ी कार्रवाई, 7 उचित मूल्य दुकान संचालकों पर FIR के आदेश
गरीब और पात्र हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाले गेहूं में कथित हेराफेरी के मामले में टीकमगढ़ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने शिकायतों की जांच के बाद जिले की सात शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि जिले की विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इनमें गरीब हितग्राहियों के लिए आवंटित गेहूं के वितरण में गड़बड़ी और हेराफेरी के आरोप लगाए गए थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित दुकानों की जांच कराई।
जांच के दौरान दुकानों के संचालन और खाद्यान्न वितरण से संबंधित रिकॉर्ड तथा वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
पढे़ं: चित्रकूट में बाढ़ के बाद राहत कार्य तेज, घर-घर पहुंच रहे कलेक्टर और एसपी, प्रभावितों को दिलाया भरोसा
कार्रवाई की जद में छिपरी दुकान के जिला थोक उपभोक्ता भंडार टीकमगढ़ के संचालक जितेंद्र अहिरवार, बिजरावन दुकान के संचालक उत्तम अहिरवार, बजीतपुर की दुर्गेश नंदिनी ईंधन आपूर्ति सहकारी समिति के संचालक बैजनाथ अहिरवार, बड़ागांव की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति की संचालक ज्योति यादव, सुरजपुर की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बनेरा के संचालक लक्ष्मण लोधी और जगन्नाथ लोधी, भेलसी की रामलला नागरिक सहकारी समिति मर्यादित भेलसी के संचालक चंद्रप्रकाश सुंडले तथा अजनौर की महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मझार के संचालक अरविंद सिंह लोधी शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, इन दुकानों पर खाद्यान्न वितरण से संबंधित रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक की जांच में अनियमितताएं मिली हैं। अब संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर विवेक श्रोतिय की इस कार्रवाई के बाद जिले के उचित मूल्य दुकान संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गरीबों के हक के राशन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
