एमपी: सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक खाई में गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल
सीधी के हटवा बरहा टोला में सड़क हादसे में 25 वर्षीय रामकृष्ण विश्वकर्मा की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में दो युवक गंभीर घायल हुए। सोनू को रीवा रेफर किया गया है।
विस्तार
सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत हटवा बरहा टोला में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कमर्जी की तरफ से अमिलिया की ओर जा रहे थे। वे अपने गांव कोल्हूडीह लौट रहे थे। इसी दौरान हटवा बरहा टोला के पास अचानक सड़क पर गड्ढा आने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर फिसलते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान मोटरसाइकिल रामकृष्ण विश्वकर्मा के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पढ़ें: रोटी देने की बात पर पिता से भिड़ा बेटा, लकड़ी के फाचरे से पीटकर कर दी हत्या; सिर-मुंह पर किए चार-पांच वार
घायल सोनू विश्वकर्मा ने बताया कि मोटरसाइकिल रामकृष्ण चला रहा था। अचानक सड़क पर गड्ढा आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों खाई में जा गिरे। हादसे में सोनू विश्वकर्मा और तुलसी विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया। सोनू विश्वकर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रीवा रेफर कर दिया, जबकि तुलसी विश्वकर्मा का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। वहीं, मृतक रामकृष्ण विश्वकर्मा (25) के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कमर्जी थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है।

