'गांजा रखकर फंसा देंगे': सिवनी वायरल वीडियो मामले में सीएम का सख्त एक्शन, एएसपी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
सिवनी में पुलिसकर्मियों पर कथित वसूली और होटल में मौजूद कपल को धमकाने के आरोपों से जुड़े वीडियो पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में स्थित एक होटल में ठहरे युवक-युवती को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और होटल संचालक से हर महीने 50,000 रुपये की वसूली मांगने के गंभीर मामले में राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता पाए जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया है, जिसके साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई बाबरिया रोड स्थित होटल में सामने आई अनियमितताओं, धमकी और वसूली के गंभीर आरोपों के बाद की गई है।
फर्जी मामले में फंसाने की साजिश और वसूली का आरोप
सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। होटल संचालक के अनुसार, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी उनसे हर महीने 50,000 रुपये की कथित वसूली की मांग कर रहे थे। संचालक ने आरोप लगाया कि रुपये न देने पर होटल में ठहरने वाले बालिग युवक और युवतियों के बैग में गांजा रखकर उन्हें झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की खुलेआम धमकी दी जाती थी। आरोप के मुताबिक, पुलिसकर्मी लगातार दबाव बनाकर अनुचित लाभ लेने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा, होटल को किराए पर लेकर संचालित करने वाले एक युवक ने भी कुछ समय पूर्व पुलिस अधिकारियों पर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए थे। इन लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- एमपी: 'गांजा रखकर फंसा देंगे',होटल में ठहरे कपल को धमकाते पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल, टीआई लाइन अटैच
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई
इस पूरे मामले से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह वायरल सीसीटीवी फुटेज 13 नवंबर की शाम का है। फुटेज में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवीन तिवारी, एएसपी के ड्राइवर सलमान खान और गनमैन कृष्णा तिवारी होटल परिसर के अंदर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही यह मामला इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया। मामला सामने आने पर शुरुआती कदम उठाते हुए सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया था और विभागीय जांच शुरू करवाई थी। हालांकि, बाद में मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद एएसपी और एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी हुआ।
वर्दी में अनुशासनहीनता पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख
होटल में घटी घटना और पुलिस अधिकारियों के संदिग्ध व्यवहार पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता और कदाचार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से मर्यादा और अनुशासन के साथ कार्य करने की अपेक्षा की जाती है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। निष्पक्ष जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

