{"_id":"64b2c8e9a514e0d743036af5","slug":"sehore-cm-shivraj-says-gave-respect-and-self-confidence-to-sisters-in-form-of-ladli-behna-yojana-2023-07-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sehore: शिवराज ने कहा- लाड़ली बहना योजना के रूप में बहनों को इज्जत-आत्मबल दिया, तीन नए सीएम राइज स्कूल खुलेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sehore: शिवराज ने कहा- लाड़ली बहना योजना के रूप में बहनों को इज्जत-आत्मबल दिया, तीन नए सीएम राइज स्कूल खुलेंगे
Sat, 15 Jul 2023 09:57 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sat, 15 Jul 2023 09:57 PM IST
सार
Ladli Behna Yojana: सीहोर जिले के आष्टा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, लाड़ली बहना योजना के रूप में मैंने एक हजार रुपये तो ठीक, बहनों को इज्जत-सम्मान और आत्मबल दिया है। उन्होंने कहा, वचन देता हूं कि कभी भी बहनों का सिर झुकने नही दूंगा।
विज्ञापन
आष्टा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सीहोर जिले में आष्टा के श्यामा प्रसाद मुखर्जी मैदान में भाई, बहनों, युवाओं और किसानों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने आष्टा के विकास के लिए अनेक निर्माण और विकास कार्यों की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि बहनों हमें गरीब नहीं रहना है और मेरी कोशिश है कि स्वसहायता समूह को आंदोलन बनाकर बहनों की आमदनी 10 हजार रुपये करना।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ऐसे सभी टोल नाके, जिनकी आमदनी दो करोड़ रुपये है, उनका संचालन बहनों को सौंपा जाएगा। लाड़ली बहना योजना जिंदगी बदलने की योजना है और मैं 250 रुपये से बढ़ाकर राशि तीन हजार रुपये तक ले जाऊंगा। उन्होंने कहा कि छोटी- छोटी जरूरतों पर मजबूर रहने वाली बहनें अब मजबूत हुई हैं।
विज्ञापन
अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा लगाने की घोषणा...
मुख्यमंत्री चौहान ने आष्टा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। उन्होंने आष्टा नगर पालिका में पांच और अन्य नगर परिषदों में एक-एक करोड़ रुपये के निर्माण कार्य करवाए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा पार्वती और काली सिंध लिंक सिंचाई योजना से छूटे गांवों को भी जोड़ा जाएगा। शेष कार्य पूरे करवाए जाएंगे। उन्होंने तीन सीएम राइज स्कूल के निर्माण, कन्या छात्रावास और आश्रम के विस्तार की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान ने उन्हें स्वागत के लिए भेंट किए गए चांदी के दो मुकुट आयोजकों को सौंप कर कहा कि इनकी बिछोड़ी बनाकर कन्या विवाह योजना में बेटियों को प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री नहीं सेवक हैं और किसान परिवार में पैदा हुए हैं। मेरी जितनी जिंदगी है, जनता की जिंदगी बदलने में लगाऊंगा। उनका मकसद किसान, बहन बेटियों, भाइयों तथा नौजवानों की जिंदगी बदलकर मध्यप्रदेश को बेहतर बनाना है।
विज्ञापन
योजनाओं को बंद करने पर आलोचना...
मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्ववर्ती सरकार की किसानों की कर्जमाफी नहीं करने सहित कई योजनाओं को बंद करने पर आलोचना करते हुए कहा कि उनकी और केंद्र की सरकार ने गरीब कल्याण ही अपना लक्ष्य बनाया है। गरीबों को मुफ्त में राशन, इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल जैसी अनेक योजनाओं से जिंदगी बदली है। उन्हें हर वर्ग की चिंता है, उन्होंने युवाओं के लिए प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना को रोजगार की दिशा में अभूतपूर्व कदम बताया। उन्होंने कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियों में भर्तियां जारी हैं और अब तक 55 हजार नौकरी दी जा चुकी है। उद्यम क्रांति योजना को भी युवाओं की जिंदगी बदलने वाली योजना बताया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उनकी सरकार ने बहन बेटियों की सुरक्षा के दृष्टिगत अहाते बंद किए हैं। उन्होंने कहा कि बारहवीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले बेटे-बेटियों को जल्द ही लैपटाप के लिए 25 हजार की राशि दी जाएगी। उन्होंने स्कूल में टॉप करने वाले एक-एक बालक और बालिका को स्कूटी देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बच्चे जो उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों में पढ़ेंगे, उनकी फीस सरकार जमा करेगी।
महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए ये योजना लाए...
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बेटियों और बहनों को मजबूर से मजबूत बनाने के लिए उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह और प्रतिभा किरण जैसी योजनाओं के साथ स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत पद देकर विकास में भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने पुलिस सहित अन्य सेवाओं में महिलाओं के लिए नौकरी सुरक्षित की है। जान भले ही चली जाए, वे बहनों का विश्वास नहीं टूटने देंगे।
मुख्यमंत्री चौहान का सभा स्थल पर बहनों ने आत्मीय स्वागत कर उन्हें साफा बांधा तथा 51 फीट की राखी बांधी। मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों के पांव पखार कर आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने इस दौरान लाड़ली बहना सेवा बुकलेट का विमोचन और हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। सभा को स्थानीय विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दीक्षा सोनू गुणवान, नगर परिषद अध्यक्ष हेमकुंवर राय सिंह मेवाड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जीवन सिंह मण्डलोई, धारा सिंह पटेल, देवी सिंह परमार, ललित नागौर, अनोखीलाल खंडेलवाल, पंकज नाकोड़ा, जसपाल अरोरा, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र पाटीदार, कालू भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनधि उपस्थित रहे।
